समय पर होंगे हिमुडा के कार्य

By: Oct 19th, 2018 12:05 am

ऊना में बोले, नवनियुक्त उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा

ऊना —हिमुडा के कार्यों को पूरा करने के लिए एक समय सीमा निर्धारित की जाएगी। साथ ही हिमुडा की छवि को सुधारने व सरकार की छवि और बेहतर करने के लिए कार्य किया जाएगा। यह बात हिमुडा के नवनियुक्त उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा ने ऊना में प्रेसवार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे वह बखूबी निभाएंगे। हिमुडा में नए कार्य शुरू किए जाएंगे। वहीं, आम लोगों की हिमुडा से संबधित जो भी समस्याएं हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा। प्रवीण शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अगुवाई में बेहतर कार्य कर रही है। वहीं, विपक्ष के पास सरकार की आलोचना करने के लिए कोई भी मुद्दा नहीं है। लेकिन नेता प्रतिपक्ष सुर्खियों में बने रहने के लिए आधारहीन बयानबाजी करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी इस तरह की नियुक्तियां हुई थीं। वहीं, भाजपा सरकार की ओर से जिन लोगों को इन पदों पर बिठाया गया है वे बेहतर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारे सबका साथ, सबका विकास को लेकर कार्य किया जाएगा। वहीं, प्रदेश में भी भाजपा सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। लेकिन पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तो प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था। वहीं, कानून व्यवस्था भी चरमराई हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हर वर्ग के लिए कल्याणकारी नीतियां चलाई हैं। जिनका लाभ जनता को मिल रहा है। इससे पहले ऊना सर्किट हाउस पहुंचने पर नवनियुक्त हिमुडा उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा का स्वागत किया गया। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत्तपाल सत्ती, हरिओम भनोट, जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा, यशपाल राणा, सुमित शर्मा, राजकुमार पठानिया, रूपिंद्र सिंह, खामोश जैतिक सहित अन्य मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App