स्कूल में घुसकर 50 छात्राओं से मारपीट

By: Oct 8th, 2018 12:04 am

बिहार में बच्चियों पर फिर अत्याचार, छेड़छाड़ का विरोध करने पर मिली सजा

नई दिल्ली —बिहार में बच्चियों के साथ एक बार फिर अत्याचार हुआ है। दरअसल, सुपौल जिला के त्रिवेणीगंज में कस्तूरबा विद्यालय की 50 से ज्यादा लड़कियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। लड़कियों ने छेड़छाड़ का विरोध किया था, जिसके बाद उनके साथ ये मारपीट की गई। लड़कियों ने आरोप लगाया है कि स्थानीय लड़के दीवार पर अश्लील बातें लिख रह थे और जब उन्होंने उसका विरोध किया तो उन्होंने एक छोटी बच्ची को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल में घुसकर लड़कियों से मारपीट की। इसके बाद 30 लड़कियों को अस्पताल में भी भर्ती कराया गया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सुपौल के एसएसपी ने कहा कि अपराधियों को पकड़ने के लिए छापे मारे जा रहे हैं। जल्द से जल्द इसमें गिरफ्तारी होगी। वहीं विद्यालय की वॉर्डन का कहना है कि लड़कों के द्वारा दीवार पर लड़कियों के लिए कुछ लिखा गया, जिसका इन्होंने विरोध किया। इसके बाद नोंकझोंक हुई। कुछ देर बाद ही महिला, पुरुष लाठी-डंडे से लैस होकर आए और उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। इस घटना से पहले मुजफ्फरपुर शेल्टर होम मामले ने बिहार समेत पूरे देश को अचंभे में डाल दिया था। मुजफ्फरपुर शेल्टर होम में बच्चियों के साथ हुए अत्याचार ने बिहार की राजनीति को झकझोर कर रख दिया था। मुजफ्फरपुर के शेल्टर होम में 34 बच्चियों के साथ रेप का मामला सामने आया। इस मामले में नीतीश कुमार सरकार में मंत्री मंजू वर्मा को इस्तीफा देना पड़ा था।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App