हरियाणा देश का सबसे स्वच्छ राज्य

By: Oct 3rd, 2018 12:01 am

पीएम मोदी-यूएन महासचिव के हाथों मिला सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार

नई दिल्ली – ‘स्वच्छ भारत’ अभियान के चार साल पूरे होने के मौके पर मंगलवार को हरियाणा को सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार दिया गया। स्वच्छ भारत के बारे में प्रधानमंत्री के नाम स्कूली छात्र-छात्राओं के लिखे तीन सर्वश्रेष्ठ पत्रों को भी पुरस्कृत किया गया। राष्ट्रपति भवन में ‘महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्वच्छता सम्मेलन’ के समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने ये पुरस्कार प्रदान किए। सबसे पहले स्कूली बच्चों को उनके उत्कृष्ट पत्रों के लिए पुरस्कृत किया गया। चौथी कक्षा के छात्र पी. संजीव को पहला पुरस्कार दिया गया। संजीव को इससे भी बड़ा पुरस्कार उस समय मिला, जब श्री मोदी ने मंच पर उनका माथा चूमा। स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण के आधार पर हरियाणा को सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार मिला। राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल  ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। देश में हरियाणा राज्य पहला ऐसा राज्य बन गया है, जिसे सबसे स्वच्छ राज्य का पहला ग्रामीण पुरस्कार दिया गया। रेवाड़ी, करनाल और गुरुग्राम स्वच्छ जिलों में सबसे टॉप पर रहे। उत्तर प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ भागीदारी और सिटिजन फीडबैक पुरस्कार और महाराष्ट्र के सतारा को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वाला जिला घोषित किया गया। माता अमृतानंदमयी पीठ को स्वच्छ भारत कोष में सबसे ज्यादा 1.4 करोड़ डालर (करीब एक अरब रुपए) के योगदान के लिए सम्मानित किया गया। स्वच्छ भारत समर इंटर्नशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए मणिपुर के डॉन बोस्को कालेज की टीम और नेहरू युवा केंद्र संगठनों को कर्नाटक के उडुपी स्थित समृद्धि महिला मंडली को पुरस्कार प्रदान किए गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App