हैंडकांस्टेबल बनेंगे ऑनरेरी एएसआई

By: Oct 11th, 2018 12:03 am

32 साल के सेवाकाल वाले 500 जवानों को मिलेगा फायदा, मुख्यमंत्री ने किया ऐलान

 शिमला —प्रदेश पुलिस विभाग में वर्षों से प्रोमोशन का इंतजार कर रहे हैड कांस्टेबलों को अब ऑनरेरी सहायक सब-इंस्पेक्टर बनाया जाएगा। सरकार के इस फैसले के बाद अब 32 साल का सेवाकाल पूरा पूरा कर चुके करीब 500 ऑनरेरी हैड कांस्टेबल और कांस्टेबल को फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को इसका ऐलान किया। सीएम ने पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए शिमला के भराड़ी में पुलिस प्रशिक्षण अकादमी खोलने को भी मंजूरी दी। मुख्यमंत्री ने ऐलान करते हुआ कहा कि 32 वर्ष की सेवा अवधि वाले मानद मुख्य आरक्षियों और मुख्य आरक्षियों को मानद सहायक उपनिरीक्षक के पद पर तैनाती दी जाएगी। उन्होंने कहा कि साल 2002 में भाजपा सरकार ने ही मानद मुख्य आरक्षी के पद को भी स्वीकृति दी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मानद सहायक उपनिरीक्षक जिला और बटालियन मुख्यालयों में दो सप्ताह का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। मानद सहायक उपनिरीक्षक सहायक उपनिरीक्षक की वर्दी, बैज और स्टार भी धारण कर सकेंगे। सरकार के इस फैसले से लगभग 500 पुलिस कर्मी लाभान्वित होंगे और इस पर कुल 8.30 लाख रुपए का सालाना वित्तीय खर्च आएगा। मानद सहायक उपनिरीक्षकों को प्रति माह 200 रुपए का विशेष वेतन मिलेगा। इस फैसले से 32 वर्ष की सेवा वाले सभी कर्मियों को मानद सहायक उप निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त होने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के इस फैसले से न केवल इनका आत्मसम्मान बढ़ेगा, बल्कि समाज में एक ऊंचे ओहदे से सेवानिवृत्त होने का संतोष रखेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश पुलिस बल में 70 प्रतिशत से अधिक आरक्षियों और मानद मुख्य आरक्षियों की संख्या है। मानद सहायक उपनिरीक्षकों से न सिर्फ पुलिस अन्वेषण करवाया जा सकेगा, बल्कि राज्य पुलिस के पास कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी अधिक संख्या में सहायक उपनिरीक्षक उपलब्ध होंगे।

भराड़ी में खुलेगी पुलिस ट्रेनिंग आकदमी

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए भराड़ी में एक पुलिस प्रशिक्षण अकादमी की सैदांतिक अनुमति प्रदान की है। इसके पश्चात हिमाचल में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र डरोह के अतिरिक्त एक और अकादमी की व्यवस्था हो जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App