12 हजार ने लगाई रेस, 10 हजार हो गए फेल

By: Oct 6th, 2018 12:01 am

मंडी में सेना भर्ती के दौरान युवाओं का फूला दम

मंडी – एक दौर था जब हिमाचली युवाओं के स्टैमिना के आगे हर कोई घुटने टेकता था, लेकिन नई पीढ़ी के युवाओं की पोल मंडी में सेना भर्ती में खुल गई। इसका कारण प्रैक्टिस का अभाव है या नशे का प्रभाव, यह तो बताना मुश्किल है, लेकिन शुक्रवार को सेना भर्ती की आखिरी दौड़ में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। हरी वर्दी की चाह लिए पड्डल मैदान में मंडी, कुल्लू और लाहुल-स्पीति के 12021 युवाओं ने दौड़ लगाई, लेकिन रेस में ही 9928 युवा बाहर हो गए। मात्र 2093 युवा ही भर्ती दौड़ पास कर अगले दौर में पहुंच सके हैं। शुक्रवार को भर्ती प्रक्रिया के आखिरी दिन जोगिंद्रनगर, पद्धर, सरकाघाट के 3104 युवाओं ने दौड़ लगाई, इसमें से मात्र 551 युवा ही अगले दौर में पहुंच सके। अब तक दौड़, डाक्यूमेंटेशन और मेडिकल पास करने वाले 228 युवाओं को ही रिटन टेस्ट के लिए एडमिट कार्ड जारी हुए हैं। इसके अलावा शनिवार और रविवार को भी ग्राउंट टेस्अ में पास होने वाले अभ्यर्थियों का मेडिकल किया जाएगा। गौरतलब हो कि दो अक्तूबर से शुरू हुई खुली भर्ती के लिए तीन जिला के करीब 14500 युवाओं ने पंजीकरण करवाया था। इनमें दौड़ के लिए 12021 युवा पहुंचे। आखिरी दिन भर्ती प्रक्रिया खत्म होने के बाद अब सभी टेस्ट पास करने वाले युवाओं का मेडिकल परीक्षण चल रहा है। मेडिकल में अनफिट पाए जाने वाले अभ्यर्थियों का चंगीगढ़ में सेना के अस्पताल में फिर से मेडिकल करवाया जाएगा। मेडिकल परीक्षण में पास होने के बाद ही अभ्यर्थियों को रिटन टेस्ट के लिए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।

तारीख                 दौड़े        सिलेक्ट       बाहर

दो अक्तूबर            2302          384      1918

तीन अक्तूबर           2983        552        2431

चार अक्तूबर           3092        606       2486

पांच अक्तूबर          3104        551         2553

निदेशक कहते हैं

भर्ती निदेशक सोमराज गुलिया ने बताया कि उन्होंने खुद कई युवाओं से बात की। भर्ती के लिए पहुंचने वाले युवाओं का कहना था कि कुछ ने प्रैक्टिस ही नहीं की थी तो कुछ ने भर्ती से कुछ रोज पहले तो कुछ ने एक महीना पहले ही प्रैक्टिस शुरू की थी। युवाओं को निरंतर अभ्यास करना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App