20 साल में भारत के 60 खरब गर्क

By: Oct 12th, 2018 12:02 am

 यूएन रिपोर्ट में खुलासा, प्राकृतिक आपदाओं से हुआ आर्थिक नुकसान

संयुक्त राष्ट्र —भारत को पिछले 20 सालों में प्राकृतिक संबंधित आपदा के चलते 79.5 बिलियन अमरीकी डालर (लगभग 60 खरब) का नुकसान हुआ है। दुनिया में प्राकृतिक आपदा के बारे में जानकारी देने वाली वैश्विक अर्थव्यवस्था की संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। ‘आर्थिक नुकसान, गरीबी और आपदाओं 1998-2017’ नाम की इस रिपोर्ट को यूएन आफिस में डिजास्टर रिस्क रिडक्शन द्वारा संकलित किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 1998 से 2017 के बीच भारत में प्राकृतिक संबंधित आपदाओं से प्रत्यक्ष आर्थिक नुकसान में 151 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यूएन की इस रिपोर्ट में अन्य देशों के बारे में भी जिक्र है। प्राकृतिक आपदा से पिछले 20 सालों में अमरीका, चीन और जापान को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमरीका को  944.8 बिलियन डालर, चीन को 492.2 बिलियन डालर और जापान को 376.3 बिलियन डालर का नुकसान हुआ है। भारत समेत इन चार बड़े देशों के बाद प्वेर्टो रिको को भी प्राकृतिक आपदा से भारी नुकसानों का सामना करना पड़ा है। प्वेर्टो रिको को 71.7 बिलियन डालर का नुकसान सहना पड़ा है।  रिपोर्ट में बताया गया कि दुनियाभर में बाढ़ से 43.4 प्रतिशत और तूफान से 28.2 प्रतिशत का आर्थिक नुकसान हुआ।

दुनिया में 1.3 मिलियन लोगों ने गंवाई जान

1998-2017 के दौरान, दुनिया में 1.3 मिलियन लोगों ने अपनी जान गंवाई और 4.4 अरब लोग घायल होने के साथ बेघर हुए। इसके साथ रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि इसी अवधि के दौरान सुनामी के साथ भूकंप के 563 झटके महसूस किए गए। सिर्फ सुनामी और भूकंप से दुनिया में सात लाख से अधिक लोगों की मौते हुईं। खास बात यह है कि यह रिपोर्ट 13 अक्तूबर को इंटरनेशनल डे फॉर डिजास्टर रिडक्शन से पहले जारी की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App