कांगड़ा में मोदी को बुलाने की तैयारी

By: Nov 30th, 2018 12:15 am

संसदीय क्षेत्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलन पर ध्यान, कई उद्घाटन-शिलान्यास होंगे

 धर्मशाला —मंडी के बाद अब दिसंबर माह में भाजपा कांगड़ा पर फोकस करेगी। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुलाने की तैयारी कर रही है। दिसंबर अंत या जनवरी के पहले सप्ताह प्रदेश सरकार व भाजपा प्रधानमंत्री को कांगड़ा बुलाकर केंद्रीय विवि और फोरलेन सहित अन्य महत्त्वाकांक्षी परियोजनाओं के शिलान्यास करवा सकती है। इसके लिए पार्टी ने मंडी के तुरंत बाद कांगड़ा में तैयारियां करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। सांसद शांता कुमार स्वयं इस मुहिम की कमान संभाल रहे हैं। सांसद सीमेंट प्लांट से लेकर फोरलेन पर प्रशासनिक अधिकारियों से बैठकें कर कांगड़ा की सभी महत्त्वाकांक्षी परियोजनाओं को सिरे चढ़ाने के लिए सक्रिय हो गए हैं। पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में जुटी भाजपा अब कांगड़ा संसदीय क्षेत्र का पन्ना सम्मेलन करेगी। इसके लिए दिसंबर अंतिम सप्ताह या जनवरी का समय रखा गया है। इस दौरान प्रधानमंत्री से समय मांगा जा रहा है, ताकि उनका प्रवास मिलने पर कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के मेगा प्रोजेक्ट्स का भी शिलान्यास करवाया जा सके। मुख्यमंत्री ने भी केंद्रीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास पांच जनवरी से पहले करवाने का ऐलान कर दिया है। शीतकालीन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री सहित तमाम बड़े नेता कांगड़ा में ही होंगे। इसी दौरान कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को साधने के लिए मेगा प्लान तैयार करने पर काम शुरू किया जाएगा कि पन्ना प्रमुखों का सम्मेलन कब और कहां करवाना है। इसके अलावा अब तक पिछड़ रहे कांगड़ा को आगे रखने के लिए भी जयराम सरकार अपने विजन का ऐलान कर सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिमाचल प्रवास को लेकर विधानसभा सत्र के दौरान ही यहां पार्टी व संगठन के पदाधिकारी अपनी अलग से बैठकें भी करेंगे।

गांव-गांव जाएंगे पदाधिकारी

पन्ना प्रमुख सम्मेलन में कांगड़ा व चंबा के पन्ना प्रमुखों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी विस्तारक योजना के तहत भी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का जिम्मेदारियां सौंपेगी। वह गांव-गांव जाकर हर वोटर लिस्ट के पन्ने में शामिल वोटरों की चिंता को सम्मेलन तक पहुंचाने और इनकी सक्रियता बढ़ाने की दिशा में प्रयास करेंगे। भाजपा दिसंबर में ही इसकी तिथि निर्धारित कर ऐलान करेगी।

जीवनसंगी की तलाश है? तो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें- निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App