छत्तीसगढ़ में थमा चुनावी शोर

By: Nov 19th, 2018 12:06 am

विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 72 सीटों के लिए कल डाले जाएंगे वोट, राजनीतिक दलों ने आखिरी दिन झोंकी पूरी ताकत

रायपुर —छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार रविवार शाम पांच बजे समाप्त हो गया। दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने रविवार को बताया कि छत्तीसगढ़ की 72 सीटों के लिए मंगलवार को मतदान होगा। प्रचार के आखिरी दिन भी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में पूरी ताकत झोंकी तथा रोड शो एवं रैलियां निकाली गईं। प्रचार के आखिरी दिन रविवार को दोनों मुख्य दलों सत्तारूढ़ भाजपा एवं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के अलावा जनता कांग्रेस बसपा गठबंधन के नेताओं ने अपने पक्ष में माहौल बनाने का पूरा प्रयास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जहां महासमुंद में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया, वहीं केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी एवं मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह ने अलग-अलग जगहों पर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में रविवार को सभाएं कीं।  मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की ओर से पंजाब के मंत्री एवं जाने माने वक्ता नवजोत सिंह सिद्धू, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजबब्बर व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कई जगहों पर रविवार को सभाएं कीं। कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया ने रविवार को यहां रमन सरकार के खिलाफ 103 बिंदुओं वाले आरोप पत्र को जारी किया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तथा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को जहां अपने-अपने दल के प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं कीं, वहीं श्री शाह ने राजधानी में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में रोड शो किया। इस चरण में जिन प्रमुख सीटों पर प्रचार खत्म हो गया, उनमें उनमें जनता कांग्रेस बसपा गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार अजीत जोगी की सीट मरवाही,कांग्रेस विधायक दल के नेता टीएस सिंह देव की सीट अंबिकापुर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल की सीट पाटन,प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरम कौशिक की सीट बिल्हा, विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल की सीट कसडोल,कांग्रेस प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री डा.चरणदास महंत की सीट सक्ती शामिल है।

जीवनसंगी की तलाश है? तो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें- निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App