तीन दिन में चलेंगी 240 स्पेशल बसें

By: Nov 4th, 2018 12:20 am

दिवाली पर्व के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम ने कसी कमर

शिमला  –हिमाचल पथ परिवहन निगम ने दिवाली पर्व के मद्देनजर शनिवार से विशेष बस सेवाएं शुरू कर दी हैं। पहले दिन दिल्ली, चंडीगढ़, बद्दी से प्रबंधन ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए 62 स्पेशल बसें चलाई हैं। हिमाचल प्रदेश के सभी लोकल रूटों पर दीपावली को शाम 5 बजे के बाद एचआरटीसी की बसें नहीं चलेंगी। एचआरटीसी के चालक-परिचालक फेस्टिवल पर निर्धारित समय में बसें खड़ी कर देंगे। इसके अलावा राज्य के लंबे रूटों सहित बाहरी राज्यों के लिए चलाई गई स्पेशल बसों का स्टाफ भी यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के बाद दिवाली मनाने चला जाएगा। हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंधक निदेशक डा. संदीप भटनागर ने बताया कि दीपावली पर शाम 5 बजे से 8 नवंबर सुबह 8 बजे तक परिवहन निगम की सभी स्थानीय बस सेवाएं बंद रहेगी। आम जनता की मांग एवं यात्रियों की सुविधा के लिए दीपावली की शाम को लंबी दूरी की एक-एक बस सेवा प्रदेश के सभी महत्त्वपूर्ण स्थानों दिल्ली से शिमला, दिल्ली से धर्मशाला, दिल्ली से कुल्लू, दिल्ली से मंडी व चंबा के लिए आने-जाने को चलाई गई है। निगम प्रबंधन द्वारा फेस्टिवल पर लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए शनिवार सुबह से अतिरिक्त बस सेवा शुरू कर दी गई है।  निगम प्रबंधन रविवार को 14 बसें, 5 नवंबर को 61 बसें और 6 नवंबर को 165 अतिरिक्त बसें दिल्ली, चंडीगढ़ व बद्दी से प्रदेश के विभिन्न स्थानों के लिए चलाई जाएगी। निगम प्रबंधन द्वारा दीपों के पर्व के लिए आगामी तीन दिनों में 240 स्पेशल (अतिरिक्त) बसें चलाई जाएंगी। इस बाबत कर्मचारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। दिवाली पर बड़ी संख्या में लोग बाहरी राज्यों व प्रदेश के विभिन्न स्थानों से घरों को आते हैं। इसमें लोगों की भीड़ को देखते हुए पहले ही सभी आवश्यक कदम उठा लिए गए हैं। निगम प्रबंधन ने सभी आर एम को व्यवस्था देखने का जिम्मा सौंपा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App