बर्फ में कैद हुआ लाहुल-स्पीति

By: Nov 3rd, 2018 12:10 am

केलांग—जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में बर्फबारी का दौर शुक्रवार को शुरू हो गया है। बर्फबारी के चलते समूची घाटी ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। ऐसे में लाहुल-स्पीति का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। शुक्रवार सुबह ही जिला मुख्यालय केलांग में हल्का हिमपात शुरू हुआ ,जो दोपहर बाद भारी हिमपात में बदल गया। बर्फबारी के कारण समूची घाटी मंे वाहनों की आवाजाही भी थम गई है। ऐसे में आसमान से बरस रही सफेद आफत ने लोगों को परेशान कर दिया है। सर्दियों के दूसरे बड़े हिमापात के चलते घाटी के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। यही नहीं रोहतांग दर्रे पर भी भारी हिमपात होने से  वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। ऐसे में रोहतांग दर्रे पर घूमने की चाह रखने वाले सैलानियों को प्रशासन ने फिलहाल मनाली मंे ही रोक दिया है। लाहुल-स्पीति में शुक्रवार सुबह से शुरू हुए हिमापात के कारण जिला मुख्यालय केलांग में दिन भर विद्युत व्यवस्था भी चरमराती रही। यही नहीं प्रचंड ठंड के बीच लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। केलांग पंचायत के उपप्रधान दोरजे उपासक का कहना है कि शुक्रवार सुबह से ही लाहुल घाटी में भारी बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि बर्फबारी के कारण घाटी के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। यही नहीं वाहनों की आवाजाही भी थम गई है। लिहाजा लाहुल-स्पीति में एक बार फिर जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कोकसर, सिसू, गोंदला, दालग, मुलिंग, तांदी और गोशाल में दो से तीन इंच तक बर्फबारी हो चुकी है।

लाहुल प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

लाहुल-स्पीति में आसमान से बरस रही सफेद आफत को ध्यान में रख प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम व बर्फबारी के बीच सुरक्षित स्थानों पर रहें। घरों से दूर न जाएं। उपायुक्त लाहुल-स्पीति अश्वनी कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस प्रशासन व आपदा प्रबंधन की टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App