बादलों ने डाला डेरा, दिन हुए ठंडे

By: Nov 30th, 2018 12:15 am

अधिकतम तापमान में छह डिग्री तक की गिरावट से बढ़ा शीतलहर का प्रकोप

 शिमला –मौसम में करवट आने से हिमाचल में अब रातों के साथ दिन भी ठंडे हो गए हैं।अधिकतम तापमान में एकाएक भारी गिरावट आने से राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में दिन के समय भी ठंड का अहसास होने लगा है। हालांकि मौसम विभाग द्वारा राज्य में पांच  दिसंबर तक मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है, मगर बादलों के घिरने से आगामी दिनों के दौरान तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। गुरुवार को भी प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों आसमान में बादलों ने डेरा डाल रखा है। आसमान में दिन भर बादलों के घिरने से अधिकतम तापमान में एक से छह डिग्री तक भारी गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में गिरावट आने से राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में भी शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है।  गुरुवार को बिलासपुर के अधिकतम तापमान में सर्वाधिक छह डिग्री की गिरावट आंकी गई है। इसके अलावा राज्य के सुंदरनगर, हमीरपुर और चंबा में 4.0 डिग्री तक पारा लुढ़का है। केलांग में 3.0, भुंतर, सोलन, ऊना और नाहन में एक डिग्री तक तापमान लुढ़का है। अधिकतम तापमान के साथ-साथ राज्य के न्यूनतम तापमान में भी बीते रोज के मुकाबले गिरावट आंकी गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 5 दिसंबर तक मौसम  साफ बना रहेगा। मगर बादलों के घिरे रहने से तापमान में गिरावट आ सकती है। उन्होंने दिसंबर माह के दूसरे सप्ताह के दौरान मौसम में करवट के साथ बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है।

तापमान पर नजर

शिमला में अधिकतम तापमान 17.9, सुंदरनगर में 20.5, भुंतर में 18.0, कल्पा में 12.4, धर्मशाला में 18.2, ऊना में 24.8, नाहन में 22.1, केलांग 6.5, सोलन में 21.5, कांगड़ा में 24.0, बिलासपुर से 18.8, हमीरपुर में 19.9, चंबा में 17.9 और डलहौजी में 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App