विकासात्मक कार्यों की पैरवी करने में फ्लाप साबित हुए विधायक

By: Nov 6th, 2018 12:05 am

गगरेट —मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र चिंतपूर्णी के दौरे को ब्लाक कांग्रेस ने निराशाजनक करार रहा है। ब्लाक कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि स्थानीय विधायक जनहित में विकासात्मक कार्यों की पैरवी करने  में बुरी तरह से लापरवाह साबित हुए नतीजतन मुख्यमंत्री क्षेत्र की जनता को गोली देकर चले गए। हालांकि इस दौरे के दौरान पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत योजनाओं के ही शिलान्यास हो पाए, जबकि एक सड़क मार्ग का भूमिपूजन पूर्व विधायक कुलदीप कुमार के कार्यकाल में होने के बावजूद दोबारा उसका मुख्यमंत्री से भूमिपूजन कर मुख्यमंत्री पद की गरिमा को भी धूमिल करने का प्रयास किया गया। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि अगर पूर्व विधायक कुलदीप कुमार के प्रयासों से क्षेत्र के लिए स्वीकृत करवाई गई योजनाओं के ही शिलान्यास करवाए जाएं तो भी भाजपा के लिए  यह पांच साल कम पड़ेंगे। अंब में आयोजित संयुक्त पत्रकारवार्ता में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष बलवान सिंह, पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट विकास कश्यप, महासचिव डा. रविंदर कुमार, रविंदर बंसल, पूर्व वाइस चेयरमैन सरोजनी देवी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमनप्रीत कौर, पूर्ण देव, सीता राम, राकेश कतनौरिया व एडवोकेट राकेश चौधरी ने कहा कि विधायक बलवीर सिंह की ज्यादातर मांगों को मुख्यमंत्री नजरअंदाज करके चले गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App