550 हिमाचलियों को जख्मी कर गए पटाखे

By: Nov 9th, 2018 12:08 am

शिमला -दिवाली की रात प्रदेश भर में खूब पटाखे फूटे, लेकिन ये पटाखे विभिन्न जिलों में साढ़े पांच सौ लोगों पर भारी पड़े। पटाखों की चपेट में आने से घायलों का यह आंकड़ा केवल उन लोगों का है, जो जख्मी होने के बाद विभिन्न अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचे। इनमें से कुछ घायलोें को ज्यादा चोट न होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालांकि बुरी तरह झुलसे 21 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है। विशेषज्ञों के मुताबिक इन लोगों के 40 से 50 फीसदी तक झुलसने की सूचना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार 78 लोग तीस से चालीस फीसदी तक झुलसे हुए बताए जा रहे हैं। पटाखों से जलने के सबसे ज्यादा मामले गांवों में सामने आए हैं। इन लोगों ने सीएचसी में इलाज क रवाया है। हालांकि इस बार पटाखों का इस्तेमाल कम किया गया, लेकिन फिर भी पटाखों से जलने वालों का ग्राफ पिछले वर्ष के मुकाबले कम नहीं हुआ। राज्य में सबसे ज्यादा हाथों और पैरों के जलने के मामले सामने आए हैं। इनमें भी सबसे ज्यादा केस बच्चों के हैं। मेडिकल कालेजों में झुलसे हुए लोगों के जो मामले सामने आए हैं, उनमें 30 से 40 साल की उम्र का तबका सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। अस्पतालों से मिले आंकड़ों के मुताबिक कुछ मामले तो पटाखों के बीच में ही फटने के बताए जा रहे हैं। यानी लोगों को खराब पटाखों की खरीद का भी खामियाजा भुगतना पड़ा। हाथों में अनार फटने के मामले सबसे ज्यादा आए हैं। आंकड़ों के अनुसार जिला कांगड़ा स्थित डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज एवं अस्पताल टांडा में ही दिवाली की रात 12 मामले पहुंचे। इसमें पांच छोटे बच्चे, जबकि सात व्यस्क शामिल रहे। ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में भी आधा दर्जन लोग पटाखों की आग की चपेट में आने के चलते घायल हुए हैं। इनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। इसके अलावा पांवटा साहिब में सात युवक पटाखे फोड़ते झुलस गए। इसी तरह प्रदेश के अन्य जिलों में भी पटाखे फोड़ते समय लोगों के झुलसने के मामले सामने आए हैं।

करोड़ों की संपत्ति राख

पटाखों की आग ने दिवाली पर हिमाचल में करोड़ों की संपत्ति को राख बना दिया। शिमला में दिवाली की रात आगजनी की 10 घटनाएं सामने आईं। वहीं, रोहडू के बिचाड़ी गांव में 12 कमरों का मकान राख हुआ है। कुल्लू के आईशा गांव मे चार मंजिला मकान तो बंजार के गांव गदेहड़ में भी एक घर में आग की चपेट में आ गया। जिला कांगड़ा में एक शोरूम में तो 75 स्कूटियां जल गईं। ऊना तथा बंगाणा के तहत आगजनी की चार घटनाएं सामने आई हैं। प्रदेश के अन्य इलाकों से भी आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App