आठ को सर्व कर्मचारी संघ की हड़ताल

By: Dec 29th, 2018 12:02 am

जनवरी में हरियाणा सरकार की नीतियों के खिलाफ कर्मी बोलेंगे हल्ला

भिवानी – पुरानी पेंशन स्कीम, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, समान काम समान वेतन, न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपए लागू करने, खाली पड़े पदों पर स्थाई भर्तियां करने, पदोन्नतियां करने, कैशलेस मेडिकल सुविधा आदि मांगों को लेकर केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर आठ-नौ जनवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के लिए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने कमर कस ली है। कर्मचारी संघ के प्रवक्ता संदीप सांगवान के अनुसार लघु सचिवालय, सिंचाई विभाग, बीएंडआर, वन विभाग, आईसीडीएस, नगरपालिका सहित अन्य विभागों का दौरा कर कर्मचारियों को हड़ताल में भाग लेने की अपील की। श्री सांगवान ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार किसान, मजदूर, कर्मचारी विरोधी फैसले ले रही हैं। जनता की सेवा के लिए खोले गए सरकारी विभागों को पूंजीपतियों के हवाले किया जा रहा है। बेरोजगारों की फौज सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रही है, लेकिन सरकारी विभागों को बेच रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य में दो लाख व देश में प्रतिवर्ष दो करोड़ बेरोजगारों को पक्की नौकरी देने का वादा किया था, पर कुछ नहीं किया और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि  इस हड़ताल में सभी विभागों के कच्चे व पक्के कर्मचारी भाग लेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App