आप बनाएगी नया हरियाणा

By: Dec 16th, 2018 12:01 am

कैथल – हरियाणा के युवाओं से मेरी अपील है कि आजादी की इस दूसरी लड़ाई में शामिल हो जाओ। आम आदमी पार्टी आजादी की दूसरी लड़ाई है। भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, अशफाक उल्ला खान ने तो देश के अपनी जान कुर्बान कर दी थी। आपको तो बस इस लड़ाई में शामिल होना है। थोड़ी कुर्बानी देनी पड़ेगी। इस आंदोलन को समय देना पड़ेगा। मेरे पास पैसे भी नहीं हैं। आपको ही चुनाव लड़वाना है। आपको ही घर-घर जाना है। मैं आप सबसे हरियाणा और इस देश के भविष्य की भीख मांगने आया हूं। ये शब्द कैथल में स्कूल-अस्पताल रैली को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहे। अन्ना आंदोलन को याद करते हुए केजरीवाल ने कहा कि हमने अन्ना आंदोलन में लाठियां खाई हैं। जेल गए। वहां से हमारी पार्टी निकली है। आम आदमी पार्टी, आंदोलन से निकली है। आम आदमी पार्टी एक पार्टी नहीं बल्कि क्रांति है। एक आंदोलन है। आजादी की दूसरी लड़ाई है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि युवा हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं। इसी ताकत से हमने दिल्ली बदला है। अब हरियाणा के युवाओं की बारी है। आप सब आम आदमी पार्टी का हिस्सा बन जाइए। हम नया हरियाणा बनाएंगे। हम ऐसा हरियाणा बनाएंगे जहां सबके लिए शानदार स्कूल, बीमारी होने पर एयरकंडीशंड अस्पतालों में मुफ्त इलाज, किसानों को उनकी फसलों का सही दाम, फसल बर्बाद होने पर मुआवजा, युवाओं को रोजगार, शहीदों के परिवार को एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि इत्यादि की व्यवस्था होगी। युवाओं के साथ से हम भ्रष्टाचार मुक्त हरियाणा के सपने को पूरा करेंगे। हमने दिल्ली में करके दिखाया है। अब हरियाणा की बारी है। युवाओं की ताकत से हम हरियाणा भी बदलेंगे और देश भी बदलेंगे। केजरीवाल ने कहा, कि आप लोग हुड्डा से तंग होकर खट्टर को ले आए थे। अब खट्टर से तंग हो गए हो।

फसल बीमा योजना को बताया घोटाला

फसल बीमा योजना को घोटाला बताते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, कि भाजपा ने जो फसल बीमा योजना चलाई है, असल में ये एक बहुत बड़ा घोटाला है। बिना किसान पूछे, उसके अकाउंट से फसल बीमा के नाम पर पैसा काट लिया जाता है। उन्होंने कहा कि ये किसान के जेब पर डाका मारने जैसा है। किसान बताते हैं कि जब क्लेम मांगने जाओ तो कहा जाता है कि जब तक गांव के 70 फीसदी लोगों की फसल बर्बाद नहीं होगी, तब तक क्लेम नहीं मिलेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App