ऊना को करोड़ों के गिफ्ट दे गए सीएम

By: Dec 10th, 2018 12:05 am

ऊना—इस सप्ताह ऊना विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का ऊना दौरा करोड़ों की सौगातें दे गया। मुख्यमंत्री ने अपने ऊना दौरे के दौरान 109 करोड़ के उद्घाटन शिलान्यास किए, जिसका लाभ ऊना की जनता को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान पुलिस लाइन झलेड़ा में प्रशासनिक खंड का शिलान्यास, पेखूबेला में पुल का उद्घाटन, ऊना मुख्यालय पर मिनी सचिवालय, राष्ट्रीय सेवा केंद्र की आधारशिला रखी। इसके अलावा बहडाला चताड़ा खड्ड के तटीकरण व अन्य उद्घाटन, शिलान्यास भी किए। वहीं, मुख्यमंत्री ने ऊना कालेज स्वर्ण जयंती कार्यक्रम में भी शिरकत की। इससे पहले शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कॉलेज के कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की थी। उधर, हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत बाथू जनमंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें 171 समस्याओं में से 40 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। जनमंच कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया। उधर, पंडोगा चौकी में हुए रिश्वत मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से चौकी प्रभारी के खिलाफ भी जांच शुरू कर दी गई। चौकी प्रभारी की कथित संलिप्तता को लेकर यह जांच शुरू की गई। जिससे अन्य पुलिस कर्मियों में भी हड़कंप मचा रहा। इसके अलावा रिश्वत मामले के चलते पंडोगा चौकी का पूरा स्टाफ ही हटा दिया गया था, लेकिन उसके अगले ही दिन नए स्टाफ की भी तैनाती कर दी गई।

स्कूलों में वार्षिक समारोहों की धूम

इस सप्ताह स्कूलों में वार्षिक समारोह की धूम रही। शिवाजी मॉडल हाई स्कल और सलोह स्कूल में वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया। इसके अलावा परमार इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक समारोह की धूम रही। स्कूल में आयोजित इन कार्यक्रमों में स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। उधर, उपायुक्त ऊना राकेश कुमार प्रजापति ने लमलैहड़ी स्कूल का निरीक्षण किया। मिड-डे मील की व्यवस्थाएं भी जांची। यहां तक कि उपायुक्त ने स्वयं स्कूल में बच्चों के लिए बनने वाले मिड-डे मील का स्वाद चखा।

धार्मिक स्थल में भक्‍तों की भीड़ हुई कम

धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में इस सप्ताह श्रद्धालुओं की कम ही संख्या रही। हालांकि हर रविवार को चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है, लेकिन इस रविवार को भी कम ही श्रद्धालु रहे। आगामी दिनों में यहां पर श्रद्धालुओं की भीड़ में इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

कांग्रेस… बयानबाजी पर किया पलटवार

आउटसोर्स नीति को लेकर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री व पूर्व मंत्री मुकेश अग्निहोत्री आमने-सामने रहे। आउटसोर्स नीति को लेकर दोनों नेताओं ने एक दूसरे की सरकार पर खूब आरोप लगाए। वहीं, पूर्व मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री जयराम के दिल्ली दौरों को लेकर की गई बयानबाजी को लेकर हरोली भाजपा नेता प्रो. राम कुमार ने भी पलटवार किया। इसके अलावा ऊना कांग्रेस विधायक ने पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की टिप्पणी पर पलटवार किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत्तपाल सत्ती ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के ऊना दौरे को ऐतिहासिक करार दिया, लेकिन ऊना कांग्रेस विधायक सत्तपाल रायजादा ने इस दौरे को निराशाजनक बताया।

ऊना में बिगड़ैलों पर कसा शिकंजा

पुलिस प्रशासन की ओर से दो पहिया वाहन चालकों के खिलाफ इस सप्ताह सख्त अभियान चलाया गया। नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई। वहीं, भविष्य में इस तरह की कोताही नहीं करने की सलाह दी गई। इसके चलते पुलिस द्वारा इस बार सख्त रवैया अपनाया गया है।

लोगों को करना पड़ा समस्याओं को सामना

नंगल जरियालां में पाइप लीकेज होने से पानी व्यर्थ बहता रहा। लेकिन संबधित विभाग मूकदर्शक बना रहा। वहीं, ऊना नगर परिषद के साथ ही बड़ूही बाजार में स्वच्छता के दावे हवा-हवाई ही दिखाई दिए। इसके अलावा मैहतपुर बसदेहड़ा पीएचसी में लोगों को उपचार करवाने के लिए भटकना पड़ा। इसके चलते लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ा।

पेंशन योजना… कर्मचारी एकजुट

पुरानी पेंशन योजना बहाल करने के लिए कर्मचारी एकजुट हो गए हैं। कर्मचारी इस मांग को लेकर विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलेंगे। ऊना में ओल्ड पेंशन की बहाली को लेकर कर्मचारियों ने रणनीति तैयार की है। वहीं, कर्मचारियों ने चेताया भी है कि यदि पुरानी पेंशन योजना को बहाल नहीं किया जाता है तो इसका नुकसान सरकार को उठाना पड़ेगा।

ऊना में बढ़ा ठंड का प्रकोप

इस सप्ताह ऊना जिला में मौसम पूरी तरह से ठंडा रहा। अब तो दुकानदारों को दिन के समय आग के अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। लगातार ठंड में इजाफा हो रहा है। आगामी दिनों में मौसम और ठंडा होगा। लगातार बढ़ रही ठंड के चलते लोगों ने विद्युत उपकरणों का सहारा लेना भी शुरू कर दिया है, ताकि ठंड के प्रकोप से बचा जा सके।

सेंसोवाल महिला मंडल ने बनाई अलग पहचान

महिलाओं के हितों की पैरवी करने के लिए सेंसोवाल महिला मंडल ने एक अलग पहचान बनाई है। महिलाओं को मंडल से जोड़ने के लिए भी ग्रामीण स्तर पर अभियान चलाए हुए हैं। महिला मंडल प्रधान चंचला देवी महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आत्म निर्भर बनने के लिए प्रेरित करती हैं। आपसी जनसहयोग से सामान भी बनाया गया है जिसका ग्रामीण समय-समय पर सदुपयोग करते हंै। वही, महिलाओं के दुख-सुख में भी हमेशा शरीक होती है। महिला मंडल प्रधान चंचला देवी का कहना है उनका मकसद महिलाओं को पेश आने वाली हर समस्या का निवारण करना है। साथ ही महिलाएं आत्मनिर्भर बनें इसके लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनकर अपनी आर्थिकी सुदृढ़ करने के लिए उचित प्रयास करने चाहिएं।

 सप्ताह भर की सुर्खियां:

टैक्स अदायगी नहीं करने पर दो उद्योगों पर कसा शिकंजा

अंब उपमंडल के तहत खाद्य आपूर्ति विभाग ने किया निरीक्षण

लमलैहड़ी में एक ही रात में चार चोरी की वारदातें

पंडोगा चौकी का रिश्वत आरोपी न्यायायिक हिरासत में भेजा

गगरेट पुलिस के प्रयासों से चार साल बाद परिवार से मिला व्यक्ति

सड़क हादसे मंे कार चालक दोषी करार, तीन साल की सजा

अतिक्रमण के खिलाफ रोड सेफ्टी क्लब का अभियान

ऊना में शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन

हरोली के पोलियांबीत में सड़क हादसे में युवक की मौत

जीवनसंगी की तलाश है? तो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें- निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App