एनएच-पांच पर दरकी पहाड़ी

By: Dec 20th, 2018 12:08 am

कसौली —परवाणू-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पांच पर बुधवार दोपहर दत्यार गांव के समीप पहाड़ टूटकर गिरने से राजमार्ग जाम हो गया। एनएच पर जिस दौरान यह पहाड़ आकर गिरा सड़क पर उस समय वाहन भी चल रहे थे। गनीमत रही की एक स्थानीय व्यक्ति व पुलिस के एक जवान ने पत्थरों को गिरते देख वाहनों की आवाजाही को रुकवा दिया। इसके बावजूद भी लोग अपनी जान जोखिम में डालकर सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने के काम में जुटे रहे। जैसे उनकी जान से ज्यादा जरूरी यह पहाड़ के गिरते हुए फोटो व वीडियो ही उनके लिए जरूरी हैं। परवाणू-शिमला राजमार्ग पर फोरलेन के काम के चलते आए दिन इस तरह से पहाड़ों का गिरना जारी है। जिसके कारण कई लोग जान भी गवा चुके हैं। पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची है। फोरलेन निमार्ता कंपनी की मशीनें भी सड़क से मलबा हटाने के काम में जुट गई हैं। वहीं परवाणू-सोलन के बीच चार साल से चल रहे फोरलेन के काम पर कई बार सवालिया निशान उठ चुके हैं। अवैज्ञानिक रूप से पहाड़ों की कटाई के कारण आए दिन तीखी ढलानों से मिट्टी व पत्थर सड़क पर गिर रहे हैं।

अतिरिक्त पुलिस जवान किए हैं तैनात

परवाणू के डीएसपी अजय राणा ने कहा कि फोरलेन के काम व जाम को देखते हुए सड़क पर अतिरिक्त पुलिस लगाई गई है। इससे सड़क हादसों में कमी आई है। दुर्घटना की सूचना के 15 मिनट के भीतर ही पुलिस मौके पर पहुंच आवश्यक कार्रवाई कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App