कागज़ की तरह तैरती रही महिला

By: Dec 10th, 2018 12:15 am

डैहर की बर्फीली बीएसएल नहर में 15 मिनट लेटी रही ग्रामीण, देख हर कोई हैरान

 डैहर —आधुनिकीकरण व आज के युग में वैसे तो नए-नए अविष्कार व प्रयोग लोगों को आश्चर्यचकित कर देते हैं, लेकिन कभी-कभार कुछ ऐसी घटनाएं व दृश्य लोगों को दांतों तले अंगुलियां चबाने को मजबूर कर देते हैं। कुछ ऐसी ही घटना का वीडियो जिला मंडी के राष्ट्रीय उच्च मार्ग-21 पर सुंदरनगर के धनोटु-बग्गी संपर्क मार्ग पर शनिवार को देखने को मिला, जिसे देखकर हर कोई हैरत में पड़ा हुआ है। शनिवार को धनोटु-बग्गी संपर्क मार्ग पर बीएसएल नहर किनारे पैदल जा रही महिला सुरक्षा दीवार व जाली न लगी होने के कारण एकाएक संतुलन खोने के बाद नहर के ठंडे बर्फीले पानी में जा गिरी, लेकिन महिला पानी में डूबने के बजाय पानी के ऊपर ही तैरती रही। महिला करीब 15 मिनट तक बर्फीले पानी पर आराम से लेटी रही। नहर में महिला के गिरने के बाद एनएच-21 पर धनोटु पुल पर लोग महिला बचाने व उसकी मदद हेतु एकत्रित हुए, लेकिन महिला पानी के ऊपर ऐसे बह रही थी, जैसे लोग चारपाई पर बड़े आराम से लेटे होते हैं। महिला वीडियो बनाने वाले लोगों व मददगारों को हाथ हिलाते हुए पानी के ऊपर बहती नजर आ रही थी। इस आश्चर्यजनक, अद्भुत दृश्य को देखते हुए प्रत्यक्षदर्शी हक्क-बक्के हो गए। आखिरकार हिम्मत दिखाते हुए एक जवान ने अन्य लोगों की सहायता से खुद को रस्सी बांधकर नहर में छलांग लगाकर महिला को सकुशल पानी से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार हेतु हास्पिटल ले गए।

वीडियो देख हक्के-बक्के रहे गए लोग

प्रत्यक्षदर्शी व आम लोग इस आश्चर्यजनक दृश्य को देखकर भी असमंजस की स्थिति में विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि गहरी नहर व बर्फीले पानी में गिरने के बाद भी महिला पानी मे कैसे नही डूबी। बहरहाल महिला के न डूबने के वीडियो व दृश्यों को लेकर क्षेत्र में खूब चर्चाओं का मौहाल काफी गर्माया हुआ है। बहरहाल एक बार फिर जाको राखे साइयां मार सके न कोई कहावत महिला पर सही साबित हुई है।

जीवनसंगी की तलाश है? तो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें- निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App