छह को नए साल का पहला जनमंच

By: Dec 19th, 2018 12:15 am

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लगाई 10 मंत्रियों की ड्यूटी, 27 जनवरी को सुलाह में भी कार्यक्रम

शिमला —नए साल में प्रदेश की जयराम सरकार का जनमंच छह जनवरी को सजेगा। इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग ने पूरा शेड्यूल भी तैयार कर दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 10 मंत्रियों की ड्यूटी भी लगा दी है। प्रदेश सरकार का यह 10वां जनमंच कार्यक्रम होगा। राज्य सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान लोगों के सामने करने के लिए ही हर महीने के पहले रविवार को जनमंच आयोजित करने का निर्णय लिया है, जो जून महीने से सुचारू रूप से चल रहा है। जनवरी में भी जिला कांगड़ा के सुलाह विधानसभा क्षेत्र में 27 जनवरी को जनमंच होगा, जिसकी अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार करेंगे। नए साल के पहले जनमंच कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, उपाध्यक्ष हंसराज और चीफ व्हिप नरेंद्र बरागटा की डयूटी फिलहाल नहीं लगी है। उल्लेखनीय है कि अब तक जितने भी जनमंच कार्यक्रम आयोजित हुए हैं, ऐसे क्षेत्रों में जहां विधानसभा चुनावों में भाजपा को हार मिली या फिर कम लीड। इस बार यानी नए साल के शुरूआत में 10 में से नौ विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं जहां पर भाजपा के विधायक हैं। सरकार ने इन क्षेत्रों में 10वां जनमंच आयोजित करने का निर्णय लिया है। सिर्फ बड़सर में ही कांग्रेस की सीट है।

कौन मंत्री, कहां होगा

मंत्री        जिला      स्थान

किशन कपूर          ऊना       चिंतपूर्णी

सुरेश भारद्वाज       सिरमौर    पच्छाद

अनिल शर्मा           मंडी        मंडी

सरवीण चौधरी        चंबा       भटियात

विपिन परमार          हमीरपुर    बड़सर

रामलाल मार्कंडेय     सोलन     दून

वीरेंद्र कंवर            बिलासपुर कोटकहलूर

विक्रम ठाकुर          कांगड़ा    नूरपुर

गोविंद ठाकुर          कुल्लू      मनाली

राजीव सहजल        शिमला    शिमला

23 को अफसर संभालेंगे मोर्चा

कांगड़ा और मंडी में 23 दिसंबर को जनमंच कार्यक्रम होना है। इसके लिए अफसरों को जिम्मा सौंपा गया है। ज्वालामुखी में उपनिदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी अनिल सेमवाल और मंडी के धर्मपुर में उपनिदेशक हिपा राजीव बंसल जनमंच कार्यक्रम में मोर्चा संभालेंगे। बताया गया कि 23 दिसंबर को सोलन में आयोजित होने वाले भाजपा पन्ना प्रमुख सम्मेलन के चलते जनमंच कार्यक्रम का जिम्मा अफसरों को सौंपा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App