द्रंग के खीणी में12 कमरे जले

By: Dec 20th, 2018 12:15 am

चूल्हे की आग से दहके गैस सिलेंडर ने बरपाया कहर, 20 लाख का नुकसान

पद्धर – द्रंग क्षेत्र के इलाका उतरशाल की ग्राम पंचायत नवलाया के खीणी गांव में बुधवार सुबह बारह कमरों का दो मंजिला स्लेटनुमा रिहायशी मकान आग की भेंट चढ़ गया।  इस भीषण घटना में प्रभावित परिवार का बीस लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। पंचायत उप प्रधान राज कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रभावित परिवार के सदस्यों के पास तन में पहने हुए कपड़ों के सिवाय कुछ भी नही बचा है। खीणी के टिकम राम  पुत्र बुद्धे राम का मकान बुधवार सुबह उस दौरान अचानक धुएं और आग की लपटों से घिर गया, जिस समय टिकम राम और उनकी पत्नी खीमी देवी साथ लगती गोशाला में मवेशियों को चारा पानी दे रहे थे और परिवार के अन्य सदस्य लहसुन की फसल की निंदाई कर रहे थे। घर पर कोई भी  नहीं था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण गैस सिलेंडर लीक होने से चूल्हे की आग सुलगना बताया जा रहा है।उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर की पाइप जल गई थी। रेगुलेटर ऑन होने के कारण सिलेंडर की आग ने पूरे मकान को पल भर में राख कर दिया। इस दौरान मकान के बचाव के लिए आए ग्रामीणों को सिलेंडर के फटने का डर भी सता रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रिहायशी मकान एकाएक आग की लपटों से घिर कर दहक गया। घटना का पता चलते ही पड़ोसी ग्रामीण आग पर काबू पाने को मदद में जुटे। आग ने ऐसा भयंकर रूप ले लिया कि पल भर में सब राख हो गया। ग्रामीणों ने गांव के समीप पेयजल पाइप लाइन को तोड़ कर मकान को सुरक्षित बचाने के लिए खासी जद्दोजहद की, मगर कामयाबी नहीं मिल सकी। प्रभावित टिकम राम के अनुसार घटना में अनाज, कपड़ा बिस्तर, जेवरात और नकदी सब जलकर राख हो गई। मकान देवदार की कीमती लकड़ी से निर्मित था। प्रभावित परिवार की ओर से अभी पुलिस में मामला दर्ज नहीं करवाया गया है। प्रशासन की ओर से क्षेत्रीय कानूनगो देवकी नंदन और ग्रामीण राजस्व अधिकारी सबनम आर्य ने नुकसान का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार के मुखिया टिकम राम और खीमी देवी को 10-10 हजार की फौरी राहत जारी की गई।  वहीं विधायक जवाहर ठाकुर ने खीणी में पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवार को अपनी ओर से पांच हजार की राशि और कंबल वितरित किए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App