नववर्ष के स्वागत को हिमाचल पैक

By: Dec 31st, 2018 12:08 am

शिमला, मनाली, धर्मशाला में सैलानियों का सैलाब; प्रमुख पर्यटक स्थलों के होटल फुल

शिमला – न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए पहाड़ों पर सैलानियों का खूब हुजूम उमड़ा है। हिमाचल के प्रमुख पर्यटक स्थलों पर सैलानी नववर्ष सेलिब्रे्रशन के लिए भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हिल्स क्वीन शिमला के होटल 100 फीसदी तक एडवांस बुक हैं। इसके अलावा प्रदेश के मनाली, धर्मशाला, मकलोडगंज, डलहौजी सहित कुल्लू की सैरगाहों में भी भारी संख्या में सैलानियों के पहुंचने की सूचना है। हालांकि हिमाचल प्रदेश में प्रमुख पर्यटक स्थलों का पारा माइनस व शून्य डिग्री में चल रहा है, मगर प्रदेश की सर्द फिजाओं में गर्मजोशी से नव वर्ष का स्वागत करने के लिए सैलानी पहुंच रहे हैं। पर्यटक स्थलों पर सैलानियों की आमद बढ़ने से पर्यटन कारोबार में भी तेजी आएगी। ऐसे में सैलानियों को देखकर पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सूद ने बताया कि नववर्ष के लिए शिमला के होटल 100 फीसदी तक बुक हैं। वहीं प्रदेश के अन्य पर्यटक स्थलों के होटलों में भी आक्यूपेंसी 70 से 80 फीसदी पहुंचने की उम्मीद है। इस मौके पर होटल फायदे में जाएंगे इसमें कोई शक नहीं है।

आवभगत की तैयारियां पूरी

सैलानियों की आवभगत के लिए प्रदेश के होटलों में विशेष इंतजाम किए गए हैं। सैलानियों को जहां होटलों में हिमाचली व्यंजन परोसे जाएंगे, वहीं सैलानियों के मनोरंजन के लिए होटलों में बोन फायर, डांस सहित अन्य आकर्षक मुकाबलों का आयोजन करवाया जा रहा है।

पुख्ता रहेगी सुरक्षा व्यवस्था

नववर्ष पर प्रदेश के पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रहेगी। पर्यटक स्थलों पर स्थानीय प्रशासन द्वारा पुलिस जवानों को तैनात करने सहित तीसरी आंख से पहरा लगाया गया है, ताकि बाहरी राज्यों से आने वाले सैलानियों सहित स्थानीय लोगों पर सुरक्षा की दृष्टि से नजर रखी जा सके।

बर्फबारी की हसरत होगी पूरी

नववर्ष पर प्रदेश की सैरगाहों में पहुंचने वाले सैलानियों की बर्फबारी की हसरत पूरी हो सकती है। मौसम विभाग ने पहलीजनवरी को प्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश व बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है। प्रदेश में पांच जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। ऐसे में सैलानियों की हसरत पूरी होने की संभावना जताई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App