प्रियंका की शादी में बरेली दीवाना

By: Dec 2nd, 2018 4:00 pm
प्रियंका की शादी में बरेली दीवाना

बरेली -अमेरिकन सिंगर निक जोनास के संग जोधपुर के उमेद भवन पैलेस में जिस वक्त बालीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा सात फेरे ले रही थी, उसी दौरान उनके पुश्तैनी शहर बरेली जश्न के समंदर में गोते लगा रहा था। प्रियंका विवाह के जश्न में हालांकि अपने मुंहबोले परमेश्वर राय पांडे को आमंत्रित करना भूल गयी मगर बुजुर्ग मामा को इसका कतई मलाल नही है बल्कि उन्होने प्रियंका के बरेली वाले घर को दुल्हन सा सजा रखा है वहीं पिछले दो दिनों से उन्हे बधाई देने वालों का यहां तांता लगा हुआ है।बरेली स्टेशन के सामने प्रियंका चोपड़ा के पुराने घर के सामने लगी भीड़ को नियंत्रित करने में सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार शुक्ला को काफी मशक्क्त करनी पड़ी। इसके अलावा शहर के तमाम गणमान्य नागरिकों ने प्रियंका के घर पर जाकर सड़क चलते लोगों को मिठाई खिलाई। शहर के लोगों ने प्रियंका का सूना घर आज आबाद कर दिया ,सुनहरी रौशनी से जगमगा रहा है। डीजे बज रहा है। आतिशबाजी चल रही , जाने कितनी मिठाई कल से बाँट चुकी है। शहर के तमाम लोग प्रियंका से जुडी चीजे देखने उनके घर आये। उन्हें मिले अवार्डों को देखा। बरेली में उनके फैन अपने तरीके से प्रियंका और निक की शादी को यादगार बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोडऩा चाहते हैं। गौरतलब है कि प्रियंका चोपड़ा का शहर बरेली है जहां उन्होने काफी समय गुजारा है। प्रियंका ने इसी शहर से अपने करियर की पहली उड़ान भरी है। बरेली गर्ल प्रियंका को उनके शहर के लोग अपने ही तरीके से शादी की बधाइयां दे रहे हैं। किसी फैन ने निक जॉन के लिए, अपनी खासियत के लिए प्रसिद्ध बरेली का सुरमा और प्रियंका चौपड़ा के लिए काजल को उपहार के रूप में भेजा है।  आवास के केयर टेकर पंडित परमेश्वर राय पांडे बताते है कि न जाने कितने लोग घर पर आ चुके है। शादी की बधाई देने के लिए। शहर के लोगों ने अपने पैसे से बिटिया प्रियंका का घर सजवा दिया है। लोग आ रहे है और मिठाईया बाँट रहे है। आतिशबाजी चला रहे हैं। प्रियंका की माँ मधु चोपड़ा ने फोन पर कहा कि पंडित जी से पता चला कि प्रियंका की शादी के शुभ अवसर बरेली के लोग खुशिया मना रहे हैं। उन्हें बरेली वालों पर गर्व है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App