मोरनी में बनेगा वर्ल्ड हर्बल फोरेस्ट

By: Dec 21st, 2018 12:01 am

पंचकूला —हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेश में आयुर्वेद व हर्बल औषधीयों को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा हर्बल कारपोरेशन बनाने की घोषणा करते हुए मोरनी क्षेत्र को ऑर्गेनिक क्लस्टर बनाने तथा यहां जड़ी.बूटियों के लिए एक विश्व स्तरीय नर्सरी स्थापित करने की घोषणा करके प्रदेश में आयुष को बढ़ाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज मोरनी में विश्व औषधीय वन परियोजना का लोकार्पण करने उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोंधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के बाद भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद को विश्व स्तर पर पहुंचाने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पहल पर हरियाणा के पंचकूला जिले के मोरनी क्षेत्र में गुरुवार को हरियाणा वन विभाग व पतंजलि योग पीठ के सहयोग से स्थापित विश्व औषधीय वन परियोजना का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के वन एवं वन्य प्राणी मंत्री राव नरबीर सिंह, राज्य मंत्री कर्ण देव कांबोज के अलावा योग गुरु बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय में हरियाणा देश में कई बड़े राज्यों से अग्रणी है, परंतु मोरनी प्रति व्यक्ति आय में पीछे है।

पतंजलि के वैज्ञानिकों की तारीफ

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने पिछले तीन वर्षों से लगातार इस परियोजना पर कार्य कर रहे वन विभाग व पतंजलि योग पीठ के वैज्ञानिकों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि मोरनी में वर्ल्ड हर्बल फोरेस्ट स्थापित करने की उनकी परिकल्पना को आज धरातल पर क्रियान्वयन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक वनों के साथ-साथ मोरनी क्षेत्र में वनों के औषधीय पौधों के रूप में विविधिकरण करने से इस क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिलने के साथ.साथ उनकी आय में भी बढ़ौतरी होगी तथा यहां के लोगों की आर्थिक स्थित भी बदलेगी।

सिक्किम की तर्ज पर होगी ऑर्ग्रेनिक खेती

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा हर्बल कारपोरेशन प्रदेश में स्थापित किए जा चुके हर्बल पार्कों की देख-रेख करेगा। उन्होंने कहा कि सिक्किम जैसे राज्य की तर्ज पर इस क्षेत्र में भी ऑर्गेनिक खेती की आपार संभावनाएं हैं जो ट्राईसिटी के लोगों की ऑर्गेनिक फल-फूल व अन्य खाद्यान्नों की मांग को पूरा करेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App