युवा कांग्रेस के निष्क्रिय पदाधिकारियों पर गाज

By: Dec 29th, 2018 12:01 am

शिमला – युवा कांग्रेस में निष्क्रिय पदाधिकारियों पर गाज गिरने की कवायद शुरू हो गई है। लोकसभा चुनाव से पहले युवा कांग्रेस नए सिरे से युवाओं को मौका देगी, ताकि चुनावी तैयारियों में नया जोश भरा जा सके। संगठन ने लोकसभा क्षेत्रों में अपनी जो कार्यकारिणी बना रखी थी, उसको तत्काल भंग कर दिया है और केवल अध्यक्षों व उपाध्यक्षों को कुर्सी पर बनाकर रखा गया है। कार्यकारिणी में महासचिवों व अन्य पदों पर बैठे पदाधिकारियों को हटा दिया गया है। भारतीय युवा कांग्रेस के सचिव एवं प्रभारी हिमाचल प्रदेश जगदेव गागा ने इनकी नियुक्तियों को रद्द करने के आदेश दिए हैं। बताते हैं कि इसके साथ जल्द ही विधानसभा क्षेत्रों के  निष्क्रिय पदाधिकारियों को भी हटा दिया जाएगा, जिनकी सूचियां संगठन तैयार कर रहा है। क्योंकि लोकसभा चुनाव की बड़ी चुनौती कांगे्रस के सामने है, लिहाजा वह कहीं भी कमी नहीं रखना चाहती। मंडी में वर्तमान में अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह, कांगड़ा में नीतू चौधरी, शिमला में संजय ठाकुर व हमीरपुर में रणवीर राणा अध्यक्ष हैं, जिनके साथ उपाध्यक्ष भी फिलहाल पदों पर बने रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App