राफेल मामले में जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस

By: Dec 26th, 2018 12:01 am

चंडीगढ़ -राफेल के मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दूध का दूध व पानी का पानी कर दिया गया है पर फिर भी कांग्रेस समेत सारा विपक्ष इस मान नहीं रहा है और सदन की कार्रवाई भी बाधित कर रहा है, जो कि बेहद चिंताजनक बात है। यह शब्द भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए व्यक्त किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी सदन से लेकर सड़क तक राफेल को लेकर झूठ फैला रहे हैं, जो कि बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसा करके वह जनता में भ्रम फैला रहे हैं व गुमराह कर रहे हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया का भी दुरुपयोग हो रहा है, परंतु देश की जनता समझदार है। अनुराग ठाकुर ने विपक्ष के आपसी गठजोड़ को पूरी तरह से खारिज करते हुए महागठबंधन को महाठगबंधन करार दिया। उन्होंने कहा कि आंध्रप्रदेश में टीडीपी सुप्रीमों चंद्रबाबू नायडू फरमा रहे हैं कि कांग्रेस के साथ प्रदेश में समझौता नहीं होगा, जबकि बाकी देश में होगा, इसी प्रकार बिहार में भी कांग्रेस हाशिए पर ही रहेगी , जबकि यूपी में सपा बसपा ने कांग्रेस के लिए दो सीटें छोड़ी हैं। उधर पश्चिम बंगाल में ममता बैनर्जी भी कांग्रेस को कोई सीट देने के लिए तैयार नहीं हैं तो यह कैसा गठबंधन होगा। उन्होंने दावा किया कि 2019 का आम चुनाव भाजपा आराम से जीत जाएगी, क्योंकि यह सरकार पारदर्शिता व जवाबदेही के साथ काम कर रही है। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि देश में साढ़े चार के अंदर तीन करोड़ शौचालय बना दिए हैं, उज्ज्वला योजना के तहत सात करोड़ नए सिलेंडर वितरित किए गए हैं, 30 करोड़ नए बैंक खाते खोले गए हैं ,जबकि मुद्रा लोन के तहत 13 करोड़ लोगों को कर्ज बांटे गए हैं व दो करोड़ नए घर बनाए गए हैं। अर्थव्यवस्था भी नौवें से छठें स्थान पर पहुंच गई है।

उन्होंने बताया कि आसान व्यापार के मामले में मनमोहन सिंह सरकार के समय यह रैकिंग 132 से 142 तक पहुंच गई थी, जो अब 77 पर आ गई है। उन्होंने बताया कि नीम कोटेड यूरिया से किसानों को बेहद राहत मिली है। इसी के साथ विभिन्न योजनाओं में लाभार्थियों के खातों में सीधे सबसिडी पहुंची है, जिससे 90 हजार करोड़ रुपए की बचत हुई है। उन्होंने तीन राज्यों के चुनावों में हार के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि यह हार अध्ययन मनन का विषय है व इसे लेकर निराशा वाली कोई बात नहीं है, क्योंकि मध्यप्रदेश व राजस्थान में वोट शेयर को लेकर भाजपा की बेहतर स्थिति में है और कोई सत्ताविरोधी रूझान वाली बात नहीं थी। हिमाचल की राजनीति के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछली सरकार ने प्रदेश के कर्ज में डुबो दिया व सरकार का मुखिया खुद अपने मुकदमें झेलते हुए आए दिन अदालतों के चक्कर लगाता रहा, पंरतु अब भाजपा सरकार प्रदेश को सही दिशा में ले जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा की चारों सीटों पर भाजपा विजय प्राप्त करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App