वीरों की जन्मस्थली है हिमाचल प्रदेश

By: Dec 28th, 2018 12:01 am

पीएम मोदी संग सभी नेताओं ने किया वीरभूमि का गुणगान

धर्मशाला  – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरभूमि हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में पहुंचकर हिमाचली वीरों का लोहा माना है। देश के प्रधान सेवक ने कहा कि वीरभूमि में शांति की कोख से वीरता पैदा होती है। उन्होंने प्रदेश की वीर माताओं की बात करते हुए कहा कि हिमाचल जैसा शांत प्रदेश पूरे विश्व में कहीं भी नहीं है। पीएम ने कहा कि हिमाचल का हर घर शांति का दूत होता है, लेकिन इस शांत भूमि के वीर जवान जब देश सेवा के लिए अपने कंधे पर बंदूक लेकर सीमा पर सेवाएं देते हैं, तो दुश्मन इन शूरवीरों को देखकर कांप उठते हैं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैदान में प्रदेश सरकार की जन आभार रैली में वीरभूमि हिमाचल के वीरों की गाथाएं मंच पर आने वाले हर नेता ने सुनाईं। मंच पर पहुंचने वाले पहले वक्ता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय, सांसद अनुराग ठाकुर, सतपाल सिंह सत्ती, खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, विपिन सिंह परमार और शहरी मंत्री सरवीण चौधरी ने वीर गाथाओं पर जोर-शोर से बात रखी।

चार परमवीर चक्र संग प्रदेश के नाम 985 मेडल

देश की सेवा करते हुए वीरभूमि हिमाचल प्रदेश के चार परमवीर चक्र संग 985 सेना सम्मान अपने नाम किए हैं। वर्ष 1971 में पाकिस्तान के विरूद्ध ऐतिहासिक युद्ध में प्रदेश के 195 बहादुर सैनिक शहीद हुए। उन्होंने कहा कि 1999 के कारगिल युद्ध में देश भर में कुल चार परमवीर चक्रों में से दो हिमाचल के सैनिकों को प्रदान किए गए थे। उन्होंने कहा कि अभी तक चार हिमाचली सैनिकों को परमवीर चक्र, 10 को महावीर चक्र, 51 को वीरचक्र, 89 को शौर्य चक्र, दो को अशोक चक्र तथा 985 अन्य मैडल प्रदान किए गए हैं। साथ ही देश में पहला परमवीर चक्र भी कांगड़ा की भूमि के शूरवीर मेजर सोमनाथ शर्मा ही रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App