हर पंचायत में बनेंगे सशक्त महिला केंद्र

By: Dec 31st, 2018 12:15 am

शिमला – सशक्त महिला योजना के अंतर्गत हर पंचायत में सशक्त महिला केंद्र बनाए जाएंगे, जिनका संचालन 19 से 45 वर्ष की आयु की महिलाएं करेंगी। यह केंद्र महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में अवगत करवाएंगे तथा महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने के लिए बैंक से जोड़ेंगे। केंद्रीय प्रायोजित योजना प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का राज्य में प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के तहत मजदूरी की क्षति के बदले में नकद राशि को प्रोत्साहन के रूप में आंशिक क्षतिपूर्ति प्रदान करना है, ताकि महिलाएं पहले जीवित बच्चे के जन्म से पहले और बाद में पर्याप्त आराम कर सकें। राज्य सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से अनेक कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने चालू वित्त वर्ष के बजट में सशक्त महिला योजना की घोषणा की है। योजना के अंतर्गत महिलाओं को पंचायत स्तर पर संगठित करके उनके अधिकारों के प्रति उन्हें जागरूक करनाए सरकार द्वारा ग्रामीण महिलाओं के उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे अवगत करवाकर महिलाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण देकर आत्म निर्भर बनाना है।  सशक्त महिला योजना किशोरियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करेगी तथा उन्हें मासिक धर्म, स्वच्छता व आत्म सम्मान बढ़ाने के विषयों पर भी जागरूक करेगी। राज्य की बागडोर संभालते ही सबसे पहले सरकार ने महिलाओं की ही चिंता की और उनकी सुरक्षा के लिए गुडि़या हेल्पलाइन तथा शक्ति बटन ऐप की शुरूआत की। राज्य में गुडि़या सक्षम बोर्ड का गठन किया गया है। महिला शक्ति केंद्रों की स्थापना की गई। महिलाओं के सशक्तिकरण एवं उनकी सुरक्षा के लिए नीतियों बारे सुझाव देने के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में महिला कल्याण बोर्ड का पुनर्गठन किया गया है। शक्ति बटन ऐप तथा गुडि़या हेल्पलाइन महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में वरदान साबित हो रही हैं।

शक्ति बटन ऐप से निपटीं 1196 शिकायतें

शक्ति बटन ऐप के तहत अभी तक 2868 शिकायतों का निवारण किया गया है, जबकि गुडि़या हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त कुल 1233 शिकायतों में से 1196 का निपटारा किया गया है। महिला एवं समाज कल्याण विभाग के माध्यम से महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App