हिमाचल पांच साल बाद इतना ठंडा

By: Dec 29th, 2018 12:15 am

2013 के बाद सबसे कम आंका गया न्यूनतम पारा, अभी और तेवर दिखाएगा मौसम

शिमला  – प्रदेश में पांच वर्ष बाद ऐसी कड़ाके की ठंड पड़ी है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान वर्ष 2013 के बाद सबसे कम आंका गया है। मौसम का यह बदला तेवर देखते हुए आगामी दिनों में और अधिक ठंड बढ़ने की संभावना है। हालात ये हैं कि नए साल से पहले हिमाचल में ठंड ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। शुक्रवार को आठ क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे रिकार्ड किया गया है, जबकि सात क्षेत्रों का न्यूनतम पारा शून्य डिग्री में आंका गया है। मौसम विभाग की मानें तो किन्नौर, लाहुल-स्पीति, चंबा और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 30 दिसंबर से बारिश-बर्फबारी का सिलसिला जारी हो जाएगा, जो क्रम तीन जनवरी तक जारी रहेगा, जबकि शिमला, मंडी, कुल्लू, चंबा, सिरमौर के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी पहली-दो जनवरी को बारिश के साथ बर्फबारी होगी। मैदानी इलाकों में तीन जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। शुक्रवार को सुंदरनगर, भुंतर, कल्पा, केलांग, सोलन, मनाली, चंबा और डलहौजी का न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री में दर्ज किया गया। इसके अलावा शिमला, ऊना, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर और कुफरी का पारा शून्य डिग्री में चल रहा है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से अधिकांश क्षेत्रों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालांकि दिन के समय धूप खिलने से दिन में ठंड का एहसास कम हो रहा है, लेकिन सुबह-शाम प्रदेश भर में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत अगर आगामी दिनों में बारिश-बर्फबारी होती है, तो प्रदेशवासियों को प्रचंड ठंड का सामना करना पड़ सकता है। प्रदेश में शुक्रवार को मौसम साफ बना रहा। दिनभर धूप खिलने से अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की बढ़ोतरी आई है, मगर अभी भी अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस कम चल रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

कहां, कितना पारा

शिमला में अधिकतम तापमान 13.6, सुंदरनगर में 18.5, भुंतर में 15.8, कल्पा में 5.8, धर्मशाला 12.8, ऊना 20, नाहन 15.8, सोलन 16.5, केलांग 1.1, कांगड़ा 19, बिलासपुर 7.1, हमीरपुर 7.4, चंबा 17 और डलहौजी 19.3 में सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मनाली में बर्फबारी

मनाली में फिर ताजा हिमपात हुआ है। मनाली में गुरुवार को भी बर्फबारी हुई थी। मनाली में शुक्रवार को दो सेंटीमीटर बर्फबारी रिकार्ड की गई है, जबकि राज्य के सियोबाग में एक मिलीमीटर बारिश हुई। कुल मिलाकर मनाली सैलानियों से पैक होने वाला है।

एकाएक गिरा पारा

इस विंटर सीजन के दौरान दिसंबर के आखिर में ही न्यूनतम तापमान में एकाएक भारी गिरावट आई है। बीते वर्ष 28 दिसंबर की बात करें, तो मौजूदा सीजन के मुकाबले न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस कम रिकार्ड किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App