हिल्सक्वीन…व्हाइट क्रिसमस की आस

By: Dec 7th, 2018 12:05 am

राजधानी में सुबह-शाम बढ़ी कंपकंपी, 10-11 को बारिश और बर्फबारी की जताई संभावना

शिमला —हिल्सक्वीन शिमला में इस बार व्हाइट क्रिसमस को देखने के लिए पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों में भी आशा की एक किरण जगी है। बताया जा रहा है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए निचले राज्यों से आने वाले पर्यटकों ने शिमला के होटलों में एडवांस बुकिंग भी करवा दी है। वहीं, कई पर्यटकों ने हिमाचल के मौसम को देखते हुए 10 और 11 दिंसबर को बारिश बर्फबारी की चेतावनी को देखते हुए शिमला में आना शुरू कर दिया है। बता दें कि शिमला में कंपकंपी ठंड के बीच भी पर्यटक काफी संख्या में शिमला के मौसम का लुत्फ उठाने के लिए आ रहे हैं। ऐतिहासिक रिज मैदान हो चाहे शिमला का मॉल, पर्यटक राजधानी के गर्म ऊन के कपड़ांे की खूब खरीददारी कर रहे हैं। इस वजह से शिमला के व्यवसायी भी खूब चांदी बटोर रहे हैं। शिमला के होटल व्यवसायियों को भी इस पर्यटन सीजन में मुनाफा होने की काफी उम्मीद जगी है। शिमला के 80 प्रतिशत होटल बुक हो गए हैं। इस बार पर्यटन नगरी शिमला में पर्यटक व्हाइट क्रिसमस के इंतजार में हैं। मौसम विभाग ने भी 10 और 11 दिसंबर के बाद उपरी क्षेत्रों में बर्फबारी की चेतवानी दी है। बता दें कि गुरुवार को किन्नौर के सांगला में भी ताजा हिमपात हुआ है। ऐसे में मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा है कि 11 दिसंबर के बाद मौसम में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बदलाव होगा। उन्होंने कहा है कि मौसम अगर इस तरह से ही रहता है तो क्रिसमस पर बर्फबारी हो सकती है। खास बात है कि मौसम में हो रहे बदलाव की वजह से शिमला का तापमान भी लुढ़क गया है। राजधानी में लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। यहां तक कई निजी स्कूलों में ठंड की वजह से छोटी कक्षाओं के छात्रों को दो माह का अवकाश भी दे दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार दिसंबर में शिमला में बर्फबारी हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने 10 दिसंबर को प्रदेश के मध्य और पर्वतीय क्षेत्रों मंे बारिश और बर्फबारी की उम्मीद जताई है। इसके साथ ही 11 दिंसबर के बाद प्रदेश के  मैदानी, मध्य और पर्वतीय सभी क्षेत्रों में गर्जन के साथ बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शिमला का न्यूनतम तापमान 3.8 और कुफरी का न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री दर्ज किया गया। फिलहाल मौसम में हो रहे इस परिवर्तन के बाद बर्फबारी की उम्मीद ज्यादा बढ़ गई है। देखना होगा कि पर्यटकों को व्हाइट क्रिसमस इस बार देखने को मिलता है या नहीं।

क्रिसमस…क्राइस्ट चर्च में तैयारियां

क्रिसमस के त्योहार को लेकर शिमला के ऐतिहासिक रिज के क्राइस्ट चर्च में तैयारियां शुरू हो गई हैं। चर्च को सजाया जा रहा है। वहीं, पेंट के साथ अंदर भी सभी चीजों को बदलने का काम शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार क्रिसमस पर शिमला के दोनों क्राइस्ट चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा।

जीवनसंगी की तलाश है? तो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें- निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App