25 किसानों को कर्ज राहत प्रमाणपत्र  

By: Dec 8th, 2018 12:01 am

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंदर सिंह ने किया कर्जमाफी का आगाज

पटियाला -पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंदर सिंह ने चार जिलों के एक लाख से अधिक सीमांत किसानों को व्यापारिक बैंकों के 1771 करोड़ के कर्ज से राहत मुहैया करवाने और अढाई से पांच एकड़ ज़मीन वाले किसानों को भी इसका लाभ देने के लिए स्कीम का विस्तार करने का ऐलान किया है। कैप्टन सिंह ने राज्य स्तरीय समारोह में इसकी औपचारिक शुरुआत करते हुए 25 किसानों को कर्ज राहत प्रमाणपत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि यह राशि सीधा व्यापारिक बैंकों के सीमांत किसानों के खातों में डाली जाएगी और इस प्रक्रिया को शनिवार तक मुकम्मल कर लिया जाएगा। उन्होंने भूमिहीन मजदूरों को भी कर्ज से मुक्ति दिलाने की अपनी सरकार की वचनबद्धता को दोहराते हुए कहा कि सभी सीमांत किसानों का दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ किया जाएगा और इस तरह छोटे किसानों को यही राहत मिलेगी। उनके अनुसार कर्ज माफी के पहले चरण में सहकारी बैंकों के 3.18 लाख सीमांत किसानों का 1815 करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया गया है। अब व्यापारिक बैंकों के 1.09 लाख सीमांत किसानों को 1771 करोड़ रुपए की कर्ज राहत दी गई है। सीएम ने ऐलान किया कि तीसरे चरण में सहकारी बैंकों से जुड़े 2.15 लाख छोटे किसानों को कर्ज से राहत प्रदान की जाएगी तथा चौथे चरण में व्यापारिक बैंकों के 50752 छोटे किसानों का कर्ज माफ होगा। इस मौके पर कई नेता भी मौजूद रहे।

जीवनसंगी की तलाश है? तो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें- निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App