अब ऊना से दौड़ेगी नंगल-सहारनपुर ट्रेन

By: Jan 25th, 2019 12:03 am

केंद्रीय मंत्री का हिमाचल को एक और तोहफा, प्रदेश में होगा रेल विस्तार

ऊना – मोदी सरकार ने रेलवे नेटवर्क विस्तार को गति देते हुए हिमाचल प्रदेश को एक और तोहफा दिया है। नंगल डैम से सहारनपुर के मध्य चलने वाली मेमू ट्रेन अब ऊना से चलेगी। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को देश में 22 रेल सेवाओं के विस्तारीकरण की घोषणा के दौरान सहारनपुर से नंगल डैम के मध्य चलने वाली रेल सेवा को भी बढ़ाने का ऐलान किया है। इसके साथ ही एक और रेल सेवा अब ऊना से शुरू हो पाई। क्षेत्रवासी लंबे अरसे से इस रेल सेवा को ऊना से चलाने की मांग कर रहे थे। हाल ही में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा के अंब-अंदौरा व दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन पर दौरे के दौरान भी सांसद अनुराग ठाकुर व अन्य स्थानीय भाजपा नेताओं ने नंगल डैम से सहारनपुर के मध्य चलने वाली रेल सेवा को ऊना से शुरू करने की जोरदार पैरवी की थी। अखिल भारतीय हिमाचल सामाजिक संस्था संघ के राष्ट्रीय महासचिव कंवर हरि सिंह, ऊना जनहित मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजीव भनोट, ऊना नागरिक मंच के अध्यक्ष नवदीप कश्यप, हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमेश शर्मा सहित अन्य समाजसेवी संगठनों ने रेल सेवा विस्तारीकण पर हर्ष जताते हुए सांसद अनुराग ठाकुर को बधाई दी है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर, विधायक राजेश ठाकुर व बलबीर चौधरी तथा एचपीआईडीसी के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार, रेलवे पीएससी मेंबर हरिओम भनोट, उत्तर रेलवे सलाहकार समिति सदस्य सुमित शर्मा व सुशील कुमार ने ऊना से सहारनपुर के मध्य रेलसेवा शुरू करने पर सांसद अनुराग ठाकुर व केंद्र का आभार व्यक्त किया है

ऐसी होगी ट्रेन की समयसारिणी

टे्रन नंबर 64511 व 64512 सहारनपुर नंगल डैम मेमू अब ऊना हिमाचल तक चलेगी। यह रेल सेवा बीच में पड़ने वाले सभी स्टेशनों पर रुकेगी। नई रेल सेवा की समयसारिणी शीघ्र जारी की जाएगी। फिलवक्त यह रेल सेवा नंगल से दोपहर 2:15 पर सहारनपुर के लिए निकलती है।

अंब से चली नांदेड़ साहिब एक्सप्रेस ट्रेन

ऊना – केंद्रीय रेल मंत्रालय ने निचले हिमाचल को राहत देते हुए दो तोहफे दिए हैं। पहला यह कि ऊना से नांदेड़ साहिब के बीच चलने वाली ट्रेन का संचालन अंब-अंदौरा स्टेशन से आरंभ कर दिया गया है। और दूसरा, सहारनपुर से नंगल के बीच चलने वाली गाड़ी अब ऊना तक आएगी। गुरुवार दोपहर बाद यह एक्सप्रेस टे्रन अंब-अंदौरा से मंजिल की ओर सरकी तो वहां मौजूद लोगों का जोश देखने लायक था। बता दें कि सप्ताह में एक दिन गुरुवार को नांदेड़ साहिब के लिए चलने वाली यह एक्सप्रेस रेलगाड़ी अंब-अंदौरा से दोपहर बाद ठीक तीन बजे रवाना होगी और शुक्रवार सुबह पौने 12 बजे मंजिल पर पहुंचेगी। इसी प्रकार नांदेड़ साहिब से वापसी का सफर शनिवार सुबह 11 बजे शुरू होकर रविवार रात 10 बजे अंब-अंदौरा में खत्म होगा। दूसरी ओर सहारनपुर और ऊना के बीच सीधी रेल सेवा की घोषणा से भी लोगों की चिरलंबित मांग पूरी हुई है।

अच्छा रहा नया साल

ऊना के लिए वर्ष 2019 रेल सेवा विस्तारीकण की दृष्टि से ऐतिहासिक रहा है। नए साल की शुरुआत के साथ ही जिला में रेल नेटवर्क का विस्तार हुआ तथा अंब-अंदौरा से आगे 16 किलोमीटर नए रेल ट्रैक का दौलतपुर चौक तक विस्तार हुआ। वहीं रेल राज्य मंत्री ने दौलतपुर चौक तक हिमाचल एक्सप्रेस रेल सेवा व एक पैसेंजर ट्रेन को बढ़ाने की भी हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही इसी माह अंब-अंदौरा से प्रयागराज के मध्य भी सीधी विशेष रेल सेवा शुरु हुई। जोकि कुंभ मेले के दौरान तीन बार अप-डाऊन करेगी। जबकि ऊना से हजूर साहिब नांदेड़ के मध्य से चलने वाली सप्ताहिक रेल सेवा का भी विस्तार कर उसे अंब-अंदौरा से शुरु किया गया। अब नंगल डैम से सहारपुर चलने वाली रेल सेवा भी ऊना तक बढ़ा दी गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App