कल बिलासपुर में जुटेंगे मत्स्य विशेषज्ञ

By: Jan 30th, 2019 12:05 am

बिलासपुर—31 जनवरी को यहां शहर के होटल लेकव्यू कैफे में राष्ट्रीय स्तर के मत्स्य विशेषज्ञ एवं वैज्ञानिक जुटेंगे। हिमाचल में शीतजल मत्स्यपालन  विकास और चुनौतियां नामक विषय पर राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है जिसमें मत्स्यपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे, जबकि सदर के विधायक सुभाष ठाकुर और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के सचिव तरूण श्रीधर विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारेंगे। इस दौरान प्रधान सचिव मत्स्य जेसी शर्मा भी विशेष तौर पर मौजूद रहेंगे। यह जानकारी मत्स्य विभाग के निदेशक सतपाल मैहता ने दी। उन्होंने बताया हिमाचल प्रदेश में नीलक्रांति के विकास पर राष्ट्रीय स्तर का मंथन होगा। राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन का आयोजन बिलासपुर में टूरिज्म के होटल लेकव्यू कैफे में किया जाएगा। सम्मेलन में ट्राउट पालन क्षेत्र में आ रही चुनौतियों और इसके निष्पादन के साथ.साथ इसके विकास पर गहन चर्चा कर बाकायदा एक रोडमैप भी तैयार किया जाएगा। निदेशक के अनुसार राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मेलन में देश में ट्राउट पालन के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाले राज्यों जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, सिक्किम, नागालैंड के अतिरिक्त भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद भीमताल, केंद्रीय मात्स्यिकी प्रौद्यौगिकी संस्थान कोचीन, राष्ट्रीय मात्स्यिकी अनुवांशिक संसाधन व्यूरो लखनऊ इत्यादि उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। इस सम्मेलन में विभिन्न राज्यों व अनुसंधान संस्थानों के वैज्ञानिकों के लिए भी चर्चा का एक सत्र रखा गया है जिसमें ट्राउट पालन क्षेत्र में आ रही चुनौतियों और इसके निष्पादन के साथ-साथ इसके विकास पर गहन चर्चा करके एक रोडमैप भी बनाया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App