कश्मीर में भारी बर्फबारी हवाई-जमीनी संपर्क टूटा

By: Jan 6th, 2019 12:02 am

नई दिल्ली -जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में भारी हिमपात और खराब दृश्यता के कारण शनिवार को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हवाई सेवा स्थगित कर दी गई। हवाई अड्डा अधिकारी ने कहा कि हवाई पट्टी में बर्फ पड़ने और खराब दृश्यता के कारण सेवा स्थगित की गई है। इसके साथ ही घाटी में रेल सेवाएं भी स्थगित कर दी गई हैं। वहीं दूसरी और पंजाब-हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप जारी है। इसके अलावा मौसम विभाग ने कहा कि दोनों राज्यों को कई इलाकों में आसमान पर धुंध की चादर फैली हुई है जिससे हवाई, रेल और सड़क यातायात पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। अमृतसर में पारा चार डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ऊपर है। करनाल में में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे है। चंडीगढ़ में पारा लुढ़क कर 5.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। दूसरी और उत्तराखंड में शनिवार को ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। राजधानी में शनिवार शाम को बारिश की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जनपदों के लिए घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार दोपहर से राजधानी का मौसम करवट बदलने लगा। दोपहर दो बजे के करीब आसमान में बादल छाने लगे।

घाटी में सड़कों पर फिसलन, रास्ते बंद

जम्मू कश्मीर के श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार से शनिवार को भारी हिमपात और सड़कों पर फिसलन के कारण यायायात बंद कर दिया गया जिससे कश्मीर घाटी का देश में शेष हिस्सों से शनिवार को संपर्क  टूट गया। दूसरी तरफ राष्ट्रीय राजमार्ग लद्दाख क्षेत्र को कश्मीर घाटी और मुगल रोड से जोड़ने वाला एकमात्र राष्ट्रीय राजमार्ग, दक्षिण कश्मीर के शोपियां को जम्मू क्षेत्र में राजौरी और पुंछ से जोड़ने वाला मार्ग पिछले एक महीने से बंद है। ये सड़कें अप्रैल में फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए खुलेंगी। बहरहाल, जम्मू-कश्मीर में दिन प्रतिदिन ठंड बढ़ रही है।

श्रीनगर में पांच लोगों की दम घुटने से मौत

जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में बेमिना इलाके में एक घर में पांच लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। आधिकारिक  सूत्रों ने बताया कि सीमावर्ती तंगधार निवासी एक परिवार श्रीनगर  आकर मंसूर कालोनी में किराए के मकान में रह रहा था। शुक्रवार की दोपहर  से हो रहे हिमपात के कारण ठंड से बचने के लिए उन्होंने रात में घर के भीतर  लकड़ी का अलाव जलाया था।

घाटी में जनजीवन अस्त-व्यस्त

उन्होंने कहा रनवे से बर्फ हटाने का अभियान शुरू किया गया है, हालांकि अभी भी हिमपात जारी है। हिमपात और खराब दृश्यता को ध्यान में रखते हुए अभी विमानों के उडान की अनुमति नहीं दी गई है। रनवे से बर्फ हटाने और दृश्यता में सुधार होने के बाद ही हवाई यातायात को शुरू किया जाएगा।  अधिकारी ने बताया सभी विमानों के उड़ान को रद्द कर दिया गया है।

वैष्णो देवी में हेलीकाप्टर, केबल कार सेवाओं पर असर

जम्मू कश्मीर में रियासी जिले की त्रिकुटा पहाडि़यों  पर ताजा हिमपात के कारण माता वैष्णो देवी गुफा के लिए हेलीकाप्टर और केबल  कार सेवाएं शनिवार को स्थगित कर दी गई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि  वैष्णो देवी तीर्थयात्रा मार्ग पर अधकुवारी से भवन तक के इलाके में सुबह  हिमपात हुआ, जिसके बाद हेलीकाप्टर और केबल कार सेवा बंद कर दी गई। सड़कों  पर फिसलन को देखते हुए श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वर्ष 2018 में वैष्णो देवी यात्रा का पिछले पांच सालों का रिकार्ड टूट गया।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App