खेलो इंडिया में छाया पंजाब

By: Jan 14th, 2019 12:04 am

चंडीगढ़ -पुणे में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम के पांचवे दिन भी पंजाब के खिलाडि़यों का बेहतर प्रदर्शन रहा और विशेषतः एथलैटिकस और जूडो में पंजाब ने कई पदक जीते। जूडो के अंडर 17 और 21 दोनों वर्गों में पंजाब ओवर ऑल चैंपिपयन बना। रविवार को पांचवे दिन पंजाब ने कुल नौ पदक जीते, जिनमें पांच स्वर्ण, दो-दो रजत और कांस्य के पदक शामिल थे। पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने पदक विजेता खिलाडि़यों को मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि आज दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के गुरपर्व और लोहड़ी के त्योहार वाले दिन खिलाडि़यों ने पदक जीत कर दोहरी खुशी दी है। पंजाब के खेल दल की प्रमुख और खेल विभाग की डायरैक्टर अमृत कौर गिल ने रविवार के नतीजों संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि मनप्रीत कौर ने अंडर-21 के जैवलिन थ्रो, अमनदीप सिंह ने अंडर-17 के शॉटपुट, गुरकीरत सिंह ने अंडर-21 के हैमर थ्रो, जोबनदीप सिंह ने अंडर-17 जूडो के 100 किलो वर्ग और हरशदीप सिंह बराड़ ने अंडर-17 जूडो के 81 किलो वर्ग में स्वर्ण पदक जीते हैं। गिल ने आगे बताया कि अंडर-21 के 400 मीटर हरड़लज दौड़ में अनमोल सिंह और अंडर-21 जूडो के 78 किलो वर्ग में सिमरन कौर ने रजत पदक जीता। इसी तरह अंडर-21 जूडो के 70 किलो वर्ग में सिमरनजीत कौर और अंडर-21 के जिमनास्टक मुकाबलों में आर्यन शर्मा ने कांस्य पदक जीता। खेल मंत्री  राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने सभी खिलाडि़यों व उनके परिजनों को बधाई दी है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App