निर्माणाधीन इमारत ढही

By: Jan 25th, 2019 12:02 am

गुरुग्राम में छह मजदूरों की मौत, एक के मलबे में दबे होने की आशंका

गुरुग्राम  – हरियाणा के गुरुग्राम जिला के उल्लावास गांव में गुरुवार सुबह निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत ढह गई। इमारत के मलबे में सात लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में अब तक छह लोगों के मरने की पुष्टि हो गई है। एक की तलाश अब भी जारी है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य सुबह से ही जारी है। ताजा जानकारी के मुताबिक, उल्लावास हादसे में मारे गए युवक मोहित के पिता जोगिंद्र ने सेक्टर-65 थाना में मकान मालिक दयाराम और ठेकेदार के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने इस संबंध में आईपीसी की धारा 304-ए के तहत एफआईआर दर्ज जांच शुरू कर दी है। हादसे में मारे गए लोगों में  अल्ताफ (24) निवासी बिहार, कुलदीप उत्तर प्रदेश, विशाल उत्तर प्रदेश,  मोहित (19) फिरोजाबाद,  आनंद (22 वर्ष) बिहार के रूप में हुई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशम सिंह ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) अपने नजदीकी बेस कैंप से घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। दमकल विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) से भी मदद मांगी गई है। उन्होंने कहा कि बचाव दल को कंक्रीट, लोहे की ग्रिल और मलबे को हटाने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सात लोगों के फंसे होने की आशंका है। सभी मजदूर हैं। इमारत पहले तीन मंजिला थी। चौथी मंजिल के लिए एक और कंक्रीट की छत रखी गई थी, जो पहले ढही और फिर फौरन ही पूरी इमारत के ढहने का कारण बनी। जानकारी के अनुसार, इमारत गिरने से आस-पड़ोस में जोर की आवाज हुई। इस वजह से आस-पड़ोस के लोग जग गए। इसके बाद बाद पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि यह बिल्डिंग उल्लावास निवासी दयाराम की है। गुरुग्राम के उपायुक्त विनय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। एनडीआरएफ व प्रशासन ने 250 लोगों को बचाव कार्य में लगाया है। यह बिल्डिंग चार महीने पहले से बन रही थी। एसडीएम संजीव सिंगला ने कहा कि इसके निर्माण में बेहद घटिया सामग्री का इस्तेमाल हो रहा था। इसके बाद ग्रामीणों ने काम को रोकने की भी अपील की थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App