बारिश..बर्फ…और हिमाचल सुन्न

By: Jan 7th, 2019 12:13 am

शिमला  -हिमाचल प्रदेश में पहाड़ों ने फिर से सफेद चादर ओढ़ ली है। राज्य के मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बारिश-बर्फबारी से समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। ताजा बर्फबारी व बारिश के बाद राज्य के कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान के बाद अधिकतम तापमान भी शून्य डिग्री में पहुंच गया है। कड़ाके की ठंड ने प्रदेश में लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया है। रविवार को जिला शिमला में नववर्ष का पहला हिमपात हुआ। मनाली, डलहौजी, कोठी, किन्नौर, कुल्लू, रोहतांग दर्रे, हनुमान टिब्बा, नीलकंठ जोत, कुंजन जोत, कोकसर, केलांग सहित मंडी, सिरमौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। कोठी में 70.0 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकार्ड की गई है। इसके अलावा उदयपुर में 25.0, केलांग-कल्पा में 13.0, खदराड़ा में 10.0, मनाली में 9.0 भरमौर में 5.0, पुह में 5.0 और ठियोग में 2.0 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। शिमला के जाखू में 7.0 सेंटीमीटर तक बर्फ आंकी गई है। राज्य के मैदानी इलाकों में अधिकांश क्षेत्रों में बारिश हुई है। धर्मशाला में 22.0, पालमपुर में 16.0, मनाली, जोगिंद्रनगर में 13.0, खेरी में 12.0, सराहन में 10.0, गगल, भुंतर में 9.0, बैजनाथ में 7.0 और चंबा में 3.0 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। बारिश-बर्फबारी से समूचे प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक से आठ डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आई है। राज्य के डलहौजी और कल्पा का पारा लुढ़ककर 0.0 डिग्री पहुंच गया है। शिमला का तापमान 3.7 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री तक की गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से राज्य में ठिठुरन बढ़ गई है। कड़ाके की ठंड में लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं। खासतौर पर राज्य के जनजातीय क्षेत्रों में बर्फ आफत बनने लगी है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह के अनुसार प्रदेश में आगामी सप्ताह के दौरान भी मोसम कड़े तेवर दिखाएगा।

समूचा प्रदेश प्रचंड शीतलहर की चपेट में इन मार्गों पर संकट

ताजा बर्फबारी के बाद ऊपरी शिमला के चौपाल, रोहड़ू, नेरवा, नारकंडा का संपर्क शिमला से कट गया है। इसके अलावा बर्फबारी के कारण दिन के समय मनाली लेह मार्ग के अवरुद्ध होने की सूचना है। वहीं, चंबा में चंबयाणा जोत, चंबा-भरमौर, खजियार, कोलाड़ी,, चंबा-झुमार सहित प्रदेश के कई ग्रामीण मार्ग बर्फबारी के कारण अवरुद्ध हो गए।

12 तक राहत नहीं

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत पहाड़ी क्षेत्रों में 12 जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है। राज्य के मैदानी इलाकों में नौ व 12 जनवरी को छोड़कर शेष दिन मौसम खराब रहेगा।

शहर    अधिकतम   न्यूनतम

शिमला    3.7        1.7

सुंदरनगर  9.5        6.6

भुंतर       8.2        5.0

कल्पा     0.0        -3.8

धर्मशाला  7.8        2.1

ऊना       15.7       7.2

नाहन      13.8       4.7

केलांग     —          -8.7

सोलन     8.0        2.5

कांगड़ा    9.7        7.1

बिलासपुर 9.8        7.6

हमीरपुर   10.2      8.0

चंबा       7.5        6.2

डलहौजी  0.0        -1.6

कृषि-बागबानी के लिए संजीवनी

बारिश-बर्फबारी को कृषि बागबानी के लिए संजीवनी माना जा रहा है। मैदानी इलाकों में लंबे अंतराल के बाद बारिश हुई है, जो गेहूं की फसल के लिए उपयोगी मानी जा रही है। वहीं, बर्र्फबारी के बाद सेब के पौधों के लिए जरूरी चिलिंग आवर्स प्रक्रिया फिर से आरंभ हो गई है। बारिश-बर्फबारी को देखकर किसानों-बागबानों के चेहरे खिल गए हैं।

सैलानियों की भीड़

बर्फबारी के बाद प्रदेश में सैलानियों की आमद दोगुनी हो गई है। सैरगाहों पर वीकेंड में पहले से ही काफी सैलानी पहुंचे हुए हैं। ऐसे में बर्फबारी की सूचना मिलने पर सैलानियों ने प्रदेश का रुख कर दिया है। सैलानियों को देखकर पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर रौनक आ गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App