सेरी मंच पर बिंदल ने फहराया तिरंगा

By: Jan 28th, 2019 12:10 am

विधानसभा अध्यक्ष ने ली मार्चपास्ट की सलामी, इनाम बांट गणतंत्र दिवस पर दी शुभकामनाएं

मंडी—जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह मंडी के सेरी मंच पर हर्षोल्लास से मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड व स्कूली विद्यार्थियों की टुकडि़यों से सलामी ली। इस अवसर पर 70वें गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि आज ही के दिन वर्ष 1950 को संविधान लागू होने पर देश गणतंत्र के रूप में अस्तित्व में आया। इस ऐतिहासिक दिवस पर देश और प्रदेश के शहीदों, सैनिकों, देशभक्तों को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने देश को स्वाधीनता दिलवाने में अनेक कुर्बानियां दी हंै। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने एक माह पूर्व ही अपने सेवाकाल का एक वर्ष पूरा किया है। एक वर्ष के भीतर केंद्र सरकार से पर्यटन, कृषि बागबानी, सिंचाई और पेयजल जैसे महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए 9500 करोड़ रुपए की बड़ी परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने मार्चपास्ट में भाग लेने वाले प्रतिभागियों, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों, अपने कार्य क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों  तथा राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों को पुरस्कार भी प्रदान किए। इससे पूर्व उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। इस अवसर पर सांसद  राम स्वरूप शर्मा, विधायक जवाहर ठाकुर, इंद्र सिंह गांधी, जिला परिषद की अध्यक्ष सरला ठाकुर, नगर परिषद की अध्यक्ष सुमन ठाकुर, जिला भाजपा के अध्यक्ष रणबीर सिंह, उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर, पुलिस अधीक्षक गुरदेव चंद शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त राघव शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राजीव कुमार सहित अनेक गणमान्य भी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App