हिमाचल शीतलहर की चपेट में

By: Jan 25th, 2019 12:01 am

फिर लुढ़का न्यूनतम पारा; विभाग का पूर्वानुमान, 26 तक मौसम खराब

शिमला  – हिमाचल में बर्फबारी के बाद ठंड ने कड़ा रूप धारण कर लिया है। राज्य के छह स्थानों पर न्यूनतम तापमान लुढ़ककर जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है। राज्य में न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से कम रिकार्ड किया गया है। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश में अभी भी आगामी दो रोज मौसम के मिजाज कड़े बने रहेंगे। विभाग ने 27 से 29 जनवरी तक मौसम साफ बने रहने की संभावना जताई है, जबकि 30 जनवरी को प्रदेश में फिर से बारिश-बर्फबारी होगी।  प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में गुरुवार को दोपहर तक मौसम साफ बना रहा। मगर दोपहर बाद बादलों के घिरने के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर से बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया। राजधानी शिमला में भी दोपहर बाद हल्की बर्फबारी हुई। मौसम में करवट आने से राज्य के शिमला, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और डलहौजी के अधिकतम तापमान में बीते बुधवार के मुकाबले गिरावट आई है। केलांग का अधिकतम तापमान अभी माइनस डिग्री में चल रहा है। डलहौजी का पारा लुढ़ककर शून्य डिग्री में पहुंच गया है। राज्य के शिमला, कल्पा, केलांग, मनाली, डलहौजी और कुफरी का न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री में दर्ज किया गया है। मंडी का पारा शून्य डिग्री में आंका गया है।  निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 26 जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। 27 से 29 तक मौसम साफ बना रहेगा, जबकि 30   को फिर से बारिश-बर्फबारी होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App