आज से मैदान में कूदेगी भाजपा

By: Feb 11th, 2019 12:15 am

शिमला —लोकसभा चुनावों के लिए प्रदेश भाजपा ने रोडमैप तैयार कर दिया है। अगले महीने चुनाव आचार संहिता लागू होगी, जिसे देखते हुए पार्टी ने चुनाव अभियान कार्यक्रम तैयार किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश कार्य समिति की बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया गया है। रविवार को बैठक के अंतिम दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, 2017 के विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी, विधायक और मंत्रियों ने भाग लिया। श्री सत्ती ने कहा कि चारों सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए पार्टी ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम तय कर दिए हैं। बैठकों में हर स्तर पर विस्तार से चर्चा हुई है। सोमवार से चार मार्च तक पूरे प्रदेश में चुनाव अभियान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका आगाज मुख्यमंत्री और सभी विधायक विधानसभा से करेंगे।

आचार संहिता के बाद होगा टिकट आबंटन

प्रदेश भाजपा चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद ही टिकट फाइनल करेगी। सत्ती ने कहा है कि टिकट का फैसला पार्टी हाइकमान ने करना है। चारों सीटों पर फिर से जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम तय कर दिए हैं।

सीयू की नींव 21 को

केंद्रीय विवि का शिलान्यास अब 21 फरवरी को होगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि पहले यह कार्यक्रम 26 फरवरी को तय हुआ था, लेकिन अब केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर के कार्यालय से मुख्यमंत्री को 21 फरवरी के लिए सूचित कर दिया है। सत्ती ने कहा कि इसी दिन धर्मशाला में इंटलेक्चुअल मीट कार्यक्रम आयोजित होगा।

यह रहेगा कार्यक्रम

11 फरवरी ः दीन दयाल उपाध्याय की पुण्य तिथि पर समर्पण दिवस।

12 फरवरी ः मेरा परिवार भाजपा परिवार कार्यक्रम और दो मार्च तक हर विधानसभा क्षेत्र में लगेंगे 10-10 हजार झंडे।

24 फरवरीः मोदी की मन की बात के साथ रथ यात्रा का आगाज।

26 फरवरी ः कमल ज्योति

संकल्प कार्यक्रम, हर कार्यकर्ता

एक दीप जलाएगा।

28 फरवरी ः मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम।

02 मार्चः प्रदेश में निकलेगी बाइक-कार रैली।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App