जींद उपचुनाव में खिला कमल

By: Feb 1st, 2019 12:03 am

राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस ने पूरी की 100 सीटें

जींद  – हरियाणा की जींद विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने परचम लहरा दिया है। यहां हुए उपचुनाव में भाजपपा प्रत्याशी कृष्ण मिड्ढा ने कांग्रेस और जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवारों को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। मिड्ढा ने 12 हजार 235 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें कुल 50 हजार 566 वोट मिले। नतीजों में कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला को मुंह की खानी पड़ी और वह 22740 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं जननायक जनता पार्टी के दिग्विजय चौटाला ने कमबैक किया है। उन्होंने 37631 वोटों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं आईएनएलडी को केवल 3454 मत ही हासिल हुए। उधर, राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ सीट पर जीत के साथ विधानसभा में कांग्रेस सदस्यों की संख्या 100 हो गई है। रामगढ़ सीट पर हुए चुनाव की गुरुवार को हुई मतगणना में कांग्रेस की साफिया खान ने अपने निकटतम प्रतिद्वद्वी भाजपा के सुखवंत सिंह को 12228 मतों से हराया। बसपा के जगत सिंह तीसरे स्थान पर रहे। इस सीट पर 20 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। साफिया खान को 83311 मत तथा सुखवंत सिंह को 71053 मत मिले। तीसरे स्थान पर रहे जगत सिंह को 24856 मत मिले। इस जीत के साथ कांग्रेस के विधायकों की संख्या एक सौ हो गयी है, जो राज्य विधानसभा की कुल सदस्य संख्या की ठीक आधी है।  उल्लेखनीय है कि बसपा प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह चौधरी के निधन होने से रामगढ़ का चुनाव रद्द किया गया तथा 199 सीटों पर ही चुनाव कराया गया था। कांग्रेस को 99 सीट पर जीत मिल पाई थी, जो स्पष्ट बहुमत से दो सीट कम थी। विधानसभा में उसे बसपा सहित निर्दलीयों का समर्थन हासिल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App