भाजपा की जीत का आधार बूथ कार्यकर्ता: शाह

By: Feb 8th, 2019 5:22 pm
भाजपा की जीत का आधार बूथ कार्यकर्ता: शाह

जौनपुर – भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि नेताओं के बूते चुनाव जीतने की कोशिश करने वाले राजनैतिक दलों के अंदाज से जुदा भाजपा की जीत की आधारशिला हर बूथ पर खड़ा कार्यकर्ता रखता है और उन्ही के दम पर आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी उत्तर प्रदेश में कम से कम 74 सीट जीतेगी। जौनपुर स्थित तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय उमानाथ सिंह स्टेडियम में शुक्रवार को भाजपा के काशी क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में श्री शाह ने कहा कि अन्य पार्टियां भले ही अपने नेताओं के आधार पर चुनाव जीतती होंगी, पर भारतीय जनता पार्टी की जीत का आधार हर बूथ पर खड़ा पार्टी का कार्यकर्ता है। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुश्किल चुनावों को भी प्रचंड विजय में परिवर्तित करने का काम किया है । श्री शाह ने कहा कि अन्य दलों के लिए वोट बैंक महत्वपूर्ण है , जबकि भाजपा देश की सुरक्षा को अहमियत देती है। देश को चलाने के लिए, देश की सुरक्षा के लिए एक मजबूत नेता की जरूरत है और सिर्फ श्री मोदी ही ये काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से ही देश का सबसे मजबूत रास्ता जाता है। मोदी सरकार उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि भाजपा अयोध्या में भव्य राम मंदिर का जल्द से जल्द निर्माण करने को प्रतिबद्ध हैं। गठबंधन को लेकर कहा कि देश में कांग्रेस 55 साल तक सत्तासीन रही और चार पीढ़ियों को प्रधानमंत्री बनाने वाली कांग्रेस ने जो विकास कार्य किए, वह जनता के सामने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार हो रहे भ्रष्टाचार में से एक लाख करोड़ रुपए बचाये। उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के गर्त में समाये बुआ-भतीजा गठबंधन का सफाया होना तय है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App