वीरेंद्र सहवाग ने चुनाव लड़ने से किया इनकार

By: Feb 10th, 2019 12:01 am

चंडीगढ़। क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान रोहतक लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की खबरों को कोरी अफवाह करार देते हुए चुनाव लड़ने से साफ  इनकार कर दिया है। कई दिनों से वीरेंद्र सहवाग के राजनीतिक पारी खेलने को लेकर अटकलें चल रही थीं। कहा जा रहा था कि सहवाग रोहतक लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी हो सकते हैं। रोहतक सीट पर इस समय कांग्रेस का कब्जा है। पिछले चुनाव में मोदी लहर के बावजूद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भारी मतों के अंतर से चुनाव जीत गए थे। इसके चलते इस बार रोहतक लोकसभा सीट भाजपा के टॉप एजेंडे में शामिल हैं। पिछले चुनाव में भाजपा ने वर्तमान कृषि मंत्री ओपी धनखड़ को इस सीट से भाजपा का प्रत्याशी बनाया था। वीरेंद्र सहवाग रोहतक लोकसभा सीट से भाजपा के मजबूत दावेदारों में माने जा रहे थे। इस सीट पर कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ और विधायक नरेश कौशिक के नाम भी चर्चा में हैं। सहवाग हालांकि अभी तक विधिवत रूप से भाजपा में शामिल नहीं हुए, लेकिन कांग्रेस के कद्दावर नेता दीपेंद्र हुड्डा के मुकाबले पार्टी उन्हें चुनाव मैदान में उतारने का मन बना चुकी थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App