हिमाचल को फिर लगे ठंड के थपेडे़

By: Feb 1st, 2019 12:08 am

डोडराक्वार में ताजा बर्फबारी, शिमला सहित कई जिलों में बारिश का दौर

शिमला – हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को एक बार फिर मौसम ने करवट बदली। सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहे और दोपहर 12 बजे के बाद शिमला में बारिश शुरू हुई। जबकि जनजातीय जिला किन्नौर, लाहुल-स्पीति और जिला शिमला के डोडराक्वार में बर्फबारी हुई। प्रदेश के कई जिलों में बुधवार शाम से हो रही बारिश गुरुवार को भी रुक-रुककर जारी रही। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक किन्नौर के कल्पा में सात सेंटीमीटर हिमपात हुआ। लाहुल-स्पीति के केलांग में शाम पांच बजे से हिमपात शुरू हुआ। पहाड़ी क्षेत्रों के अलावा प्रदेश के मैदानी इलाकों में बारिश हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक राजधानी शिमला में एक एमएम, धर्मशाला में सात, मनाली में आठ, कांगड़ा में पांच और चंबा में दो मिलीमीटर बारिश हुई। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने से शिमला सहित अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में हिमपात नहीं हो पाया। जिला लाहुल-स्पीति के केलांग का तापमान गुरुवार को भी माइनस में था। यहां का न्यूनतम तापमान माइनस 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह से किन्नौर के कल्पा का न्यूनतम तापमान माइनस 6.8, डलहौजी का माइनस 0.2 और कुफरी का न्यूनतम तापमान माइनस एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला से मिली जानकारी के मुताबिक आगामी दो और तीन फरवरी को मैदानों और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होगा। इसी तरह से चार से छह फरवरी तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात और मैदानों में बारिश होगी। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से अभी कोई चेतावनी नहीं दी गई है।

298 सड़कें अभी भी बंद

बर्फबारी के चलते प्रदेश में अब भी 298 सड़कें बंद पड़ी हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक सबसे अधिक मंडी जोन में 163 सड़कें बंद हैं। शिमला जोन में 101, कांगड़ा जोन में 30 सड़कें और चार राष्ट्रीय उच्च मार्ग अवरुद्ध हैं। हालांकि बर्फबारी के दौरान यानी 22 जनवरी को 690 सड़कें बंद थी, जिसमें से अभी तक मात्र 322 सड़कें ही बहाल हो पाई हैं।

नारकंडा-कुफरी, चौपाल-नेरवा बंद

गुरुवार को हुई बारिश और बर्फबारी को देखते हुए हिमाचल परिवहन निगम ने ऊपरी शिमला के लिए बसें नहीं चलाईं। गुरुवार दोपहर बाद नारकंडा, कुफरी, नेरवा, चौपाल और खड़ा पत्थर मार्ग बंद हुआ। इस कारण बसें भी नहीं गईं। रामपुर और किन्नौर के लिए बसें वाया मशोबरा से बसंतपुर होकर चलाई गईं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App