होल्मी में मिला मरा हुआ सांभर

By: Feb 21st, 2019 12:04 am

नादौन -बेला गांव में शिकारियों की बंदूक का निशाना बनी मादा सांभर के बाद नादौन की रंगस पंचायत के अंतर्गत हार होल्मी गांव में एक नर सांभर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा आगामी कार्रवाई आरंभ की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में खड्ड के किनारे बने पंप हाउस की पिछली ओर यह नर सांभर मृत मिला है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी कुछ लोगों ने उसे इसी क्षेत्र में घायलावस्था में घूमते हुए देखा था। इसके बारे में लोगों ने बुधवार सुबह ही विभाग के क्षेत्र निरीक्षक को सूचना दी। इसके बाद विभाग के लोगों व ग्रामीणों ने उसकी तालाश शुरू कर दी थी। इसी दौरान राजीव कुमार ने उसे पंप हाउस के पीछे मृत पड़ा देखा। लोगों ने बताया कि सांभर के आगे के दोनों पैर टूटे हुए थे, जबकि उसके मुंह पर भी गहरी चोट के निशान हैं। सांभर के मुंह में आगे के दो दांत टूटे हुए हैं। इस संबंध में रंगस पंचायत प्रधान उर्मिला देवी ने बताया कि उन्हें जैसे ही इस बारे सूचना मिली उन्होंने तुरंत विभाग को सूचना दे दी। विभाग के निरीक्षक अर्जुन कुमार ने बताया कि उन्हें बुधवार सुबह इसके बारे में सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि इस बारे उच्चाधिकारियों तथा पुलिस को सूचना दे दी गई है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। गौर हो कि मंगलवार को नादौन के बेला गांव में शिकारियों ने एक मादा सांभर को गोली मार दी थी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App