अनिल पर प्रचार का दबाव

By: Mar 27th, 2019 12:02 am

भाजपा महामंत्री बोले, संगठन तय करेगा कार्यभार

शिमला —ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा पर भाजपा चुनाव प्रचार का दबाव डाल रही है। उनके परिवार खास कर पिता पंडित सुखराम और पुत्र आश्रय शर्मा के कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रदेश भाजपा भी असमंजस में है। शिमला में पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर ने कहा कि अनिल शर्मा को पार्टी गतिविधियों में शामिल होना या न होना उनका निजी निर्णय होगा। इसके साथ-साथ मंत्री को क्या कार्य सौंपा जाए, इस मसले पर संगठन तय करेगा। बावजूद इसके वह किसी भी गतिविधियों में शामल नहीं होते हैं, तो पार्टी विरोधी माना जाएगा। चंद्रमोहन ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की चारों संसदीय सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों की जीत तय है। इसके लिए संगठन हर बूथ पर मेहनत कर रहा है।

31 से मैं भी चौकीदार

चंद्रमोहन ठाकुर ने बताया कि 31 मार्च को देश के 500 स्थानों पर मैं भी चौकीदार अभियान शुरू किया जाएगा, जिसको प्रधानमंत्री मोदी पांच बजे शुरू करेंगे।  शिमला का कार्यक्रम पांवटा में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री सहित प्रत्याशी सुरेश कश्यप व शिमला लोकसभा क्षेत्र के नेता मौजूद रहेंगे। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का कार्यक्रम बंगाणा में होगा, जहां प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती व पूर्व मुख्यमंत्री धूमल सहित अनुराग ठाकुर मौजूद रहेंगे। कांगड़ा का कार्यक्रम धर्मशाला में होगा, जहां शांता कुमार व किशन कपूर मौजूद रहेंगे, जबकि मंडी संसदीय क्षेत्र का अभियान  जाहु में होगा जहां आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर तथा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा मौजूद रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App