आज कैबिनेट में अहम फैसले

By: Mar 1st, 2019 12:01 am

लोकसभा चुनावों की घोषणा से पहले अंतिम मंत्रिमंडल बैठक

शिमला – हिमाचल मंत्रिमंडल की अहम बैठक शुक्रवार को दोपहर चार बजे के बाद बुलाई गई है। प्रस्तावित लोकसभा चुनावों की संभावित घोषणा के कारण यह अंतिम बैठक हो सकती है। इसके चलते इस बैठक में एक्साइज तथा टोल बैरियर पॉलिसी पर मंजूरी लगना तय है। इसके अलावा विभिन्न विभागों में भर्तियों पर बड़े फैसले संभव है। सामान्य वर्ग को 10 फीसदी आरक्षण के निर्धारित मापदंड भी शुक्रवार की प्रस्तावित बैठक में तय हो सकते हैं। इस कारण चुनावों से पहले राज्य सरकार की इस अंतिम कैबिनेट में जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी अहम फैसले संभावित हैं। हिमाचल मंत्रिमंडल की बैठक 25 फरवरी को आयोजित हुई है। इसमें मुख्यमंत्री की घोषणाओं को अमलीजामा पहनाया गया है। तीन दिन के अंतराल बाद एक मार्च को बैठक बुलाए जाने के पीछे चुनावी घोषणा की आहट स्पष्ट सुनाई दे रही है। जाहिर है कि हिमाचल प्रदेश की एक्साइज तथा टोल बैरियर पालिसी पर मुहर लगना प्रस्तावित है। अगला वित्त वर्ष शुरू होने से पहले प्रदेश भर में शराब ठेकों के आबंटन की प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है। इसी तर्ज पर राज्य सरकार के खजाने में 100 करोड़ की भरपाई करने वाले टोल बैरियर के लिए पालिसी आना शेष है। इन दोनों पालिसियों को 31 मार्च से पहले लागू करने के लिए इनकी कैबिनेट में मंजूरी अनिवार्य है। हालांकि अधिसूचना जारी होने के बावजूद राज्य सरकार मंत्रिमंडल की बैठकों का आयोजन कर सकती है। आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद कैबिनेट जनहित से जुड़े मुद्दों पर फैसले लेने के लिए बंध जाता है। इस दौरान कैबिनेट रूटीन तथा उन्हीं फैसलों पर मुहर लगा सकती है, जिनका असर मतदाताओं पर न हो।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App