कांगड़ा में ओबीसी फैक्टर पर कांग्रेस सहमत

By: Mar 31st, 2019 12:20 am

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में राजपूत ही प्रत्याशी, मंडी में खेला है ब्राह्मण कार्ड

शिमला —कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में कांगे्रस पार्टी ओबीसी कार्ड खेलने पर सहमत हो गई है। भाजपा ने यहां पर ट्राइबल और जनजातीय कार्ड खेला है, जिसे देखते हुए पार्टी ने यह तय कर दिया है कि वह ओबीसी फैक्टर पर ही फोकस करेगी। इसलिए पवन काजल पर ही यहां कांग्रेस अपना दांव खेलेगी यह तय है। सूत्रों के अनुसार चौधरी चंद्र कुमार ने भी पार्टी को कहा है कि वह चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं, परंतु पार्टी ने जो मंथन किया है, उसमें पवन काजल को अच्छा उम्मीदवार माना गया है। भाजपा ने यहां पर ट्राइबल और गद्दी फैक्टर को ध्यान में रखा है, जबकि इसके साथ ओबीसी भी इस संसदीय क्षेत्र में बड़ा फैक्टर है। ऐसे में कांगे्रस ने भले ही अपना प्रत्याशी अभी घोषित नहीं किया है, परंतु वह जातीय समीकरणों के आधार पर यहां ओबीसी प्रत्याशी ही देगी। उधर, हमीरपुर में राजपूत प्रत्याशी देने की तैयारी है। इसके लिए सुखविंदर सुक्खू का नाम अब अंतिम माना जा रहा है। वैसे इस पर चर्चा का दौर चल रहा है और जब तक घोषणा नहीं होती, तब तक कुछ भी कहा नहीं जा सकत, परंतु सूत्र बताते हैं कि यहां सुक्खू का नाम ही अंतिम होगा, जो कि राजपूत फैक्टर के हिसाब से है। क्योंकि मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस ने ब्राह्मण फैक्टर खेलते हुए भाजपा के ब्राह्मण प्रत्याशी का मुकाबला करने की सोची है, लिहाजा यहां पर भी जातीय समीकरण ही बिठाए जा रहे हैं। तीनों संसदीय क्षेत्रों में कांग्रेस जातीय समीकरणों पर ही सोच रही थी, जिस पर ही काम किया जा रहा है। मंडी और शिमला की सीटें घोषित करने क बाद अब कांगड़ा व हमीरपुर का पेंच उसके सामने है, जहां पर भी तस्वीर लगभग सामने आ चुकी है। शिमला संसदीय क्षेत्र आरक्षित है, जहां पर धनीराम शांडिल को सीधे सोनिया गांधी का वर्धहस्त मिला है। वह लंबे समय से दिल्ली में रहे हैं और गांधी परिवार के साथ उनके भी बेहतर संबंध हैं, क्योंकि वह खुद चुनाव लड़ने की इच्छा रखते थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App