कैंडीडेट बनने से बड़े से बड़े कांग्रेस नेता की ‘न’

By: Mar 29th, 2019 12:10 am

घुमारवीं में भाजपा महिला मोर्चा सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने साधा निशाना

घुमारवीं—मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मैं भी चौकीदार जुमला है, तो कांग्रेस मैं भी पप्पू जुमला बना ले। कांग्रेस मैं भी चौकीदार कैंपेन से पूरी तरह भयभीत है। देश में नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए लोगों में उत्साह बना है। हालात ऐसे हैं कि हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनावों को लड़ने के लिए कांग्रेस के बडे़ से बड़ा नेता घबरा रहा है। लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए एक-दूसरे को धक्का देकर तू जा, मैं नहीं जाउंगा पर लड़ रहे हैं। कांग्रेस का हर पासा उलट पड़ रहा है। 2014 के लोकसभा चुनावों में चाय वाला तथा 2019 में चौकीदार चोर का नारा विपरीत पड़ गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर गुरुवार को घुमारवीं में भाजपा महिला मोर्चा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस को जमकर घेरा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा को किसी के जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस को लोग देखना तो दूर सुनना भी पसंद नहीं करते। मंडी से सुखराम व उनके पोते आश्रय शर्मा के कांग्रेस में जाने से भाजपा को कोई फर्क नहीं पडे़गा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी चुनाव या आंदोलन को सफल बनाने के लिए नारी शक्ति का अहम किरदार होता है। भाजपा का सदैव पॉजिटिव एप्टीच्यूट रहता है। कांग्रेस का सालाना 72 हजार रुपए देने की बात महज मजाक है। लोगों को मजबूत प्रधानमंत्री चाहिए, जो कि भाजपा के पास नरेंद्र मोदी के रूप में मौजूद है, जबकि महागठबंधन में महामिलवाट है। इस महागठबंधन में सभी अपने आप को प्रधानमंत्री मानकर चल रहे हैं। लोग इस बात से भली-भांति परिचित है कि ये महागठबंधन पानी और तेल की मिलावट वाला है। इससे देश का भला होने वाला नहीं है। लोकसभा चुनावों के लिए हिमाचल में कांग्रेस को दूल्हा नहीं मिल रहा है। कांग्रेस की आज यह हालत हो गई है कि बडे़ से बड़ा नेता चुनाव लड़ने से इनकार कर रहा है। उनकी हालत ऐसी है कि तू जा, मैं नहीं जाउंगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने केंद्र में अब की बार 400 पार तथा प्रदेश में फिर से चार बटा चार का नारा दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्र तथा प्रदेश सरकार की कल्याणकारी व विकासात्मक योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक राजेन्द्र गर्ग, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष इंदू गोस्वामी, जिला अध्यक्ष उषा ठाकुर तथा घुमारवीं महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुषमा रणौत ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में लगभग चार हजार महिलाओं ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App