गली-गली में उड़ा गुलाल, हर गाल हुआ लाल

By: Mar 22nd, 2019 12:08 am

होली से एक दिन पहले रंगों से सराबोर हुई छोटी काशी, सेरी, चौहाटा और गांधी चौक पर उमडे़ हजारों लोग

मंडी —देश में भर से एक दिन पहले मंडी मनाई जाने वाली होली की बुधवार को पूरे जिला में खूब धूम रही। मंडी की इस होली में रंग और उमंग के बीच होली का हुड़दंग खी खूब रहा। छोटी काशी की हर गली में गुलाल उड़ा और हर गाल गुलाल से रंगा नजर आया। बुधवार को सुहाने मौसम में मंडी पूरे मंडी शहर ने जम कर होली खेली। होली खेलने के लिए पूरा शहर गली मोहल्लों से होता हुआ सेरी मंच पर उमड़ आया और डीेजे की धुनों पर नाचते हुए होली के रंगों में डूब गया। सेरी मंच, गांधी चौक और चोहटा व आसपास के हिस्सों में होली के चलते तिल धरने को जगह नहीं बची। ऐसा नजारा बना कि पूरा शहर ही होली खेलने के लिए उमड़ आया हो। बुधवार सुबह से ही होली खेलने वालों की टोलियां शहर के मुख्य बाजारों में उमड़ने लगी। बस दिन बढ़ते हर महिलाएं, पुरूष, युवा और बुर्जग तक अपने घरों से बाहर निकल आए और एक दूसरे को रंगों में डुबाते हुए होली शुभकामनाएं दी। यही नहीं लोगों ने एक दूसरे को होली शुभकामनाएं देने के साथ ही सबसे पहले राजमाधव मंदिर में जाकर भगवान राजमाधव को गुलाल लगाया और उन्हें होली की शुभकामनाएं दी।

सेरी पंडाल में उमड़ आया जनसैलाब

होली के अवसर पर मंडी के सेरी मंच के सामने हजारों की तादाद में लोग डीजे की धुन पर थिरकने के लिए जमा हो गए। सेरी मंच पर एक साथ हजारों युवाओं ने नृत्य किया। यहां देर तक डीजे की धुन पर युवाओं ने धमाल मचाया। इस बीच कुछ हुड़दंगी युवा जोश में अपने कपड़े फाड़कर नाचने लगे, जिन्हें आयोजकों ने ऐसा करने रोक दिया। इसके बावजूद यहां पर हजारों लोग एक साथ नाचे ऐसा मंडी जैसे शहर में ही संभव है। जहां बिना किसी दुर्भावना के महिला-पुरूष ,लड़के-लड़कियां एक साथ मस्ती में नाचते गाते हैं। इस दौरान जहां पहाड़ी और पंबाजी गीतों की धुन पर युवा नाचे, वहीं पर बीच -बीच में भारत माता की जय का जयघोष भी इस बार की होली में गूंजता रहा।

सेरी मंच पर धमेंद्र राणा ने करवाया था डीजे

सेरी मंच पर 16 सालों से डीजे का आयोजन धमेंद्र राणा करते आ रहे हैं। इसलिए मंच संचालक की जिम्मेदारी भी अहम हो जाती है। मंच संचालक विशाल ने टी-शर्ट उतार कर नाचे युवाओं को हड़काया भी और थिरकते युवाओं को संयम बरतने का भरपूर संदेश दिया।

अनुसाशन की फिर मिसाल

एक साथ जब हजारों लोग थिरकते हैं तो कुछ तो धक्का मुक्की हो जाती है, लेकिन सेरी मंच का नजारा कुछ और था। लोगों एक बार फिर अनुशासन की मिसाल दी। बिना किसी बवाल के लड़के, लड़कियां व बच्चे सब एक साथ थिरके।

बच्चों की पिचकारी ने सताए..

बच्चों की पिचकारी ने लोगों को सताया भी। दरअसल शहर में युवा गुलाल के साथ ही होली मनाते हैं, लेकिन बच्चे पिचकारियों का इस्तेमाल करते हैं। बच्चे सेरी मंच के आसपास भी बच्चे चलते-फिरते लोगों पर पिचकारी से बौछार करते रहे।

पुरानी मंडी में जमी होली की महफिल

एक ओर जहां सेरी मंच पर होली की मस्ती में लोग झूम रहे थे। वहीं दूसरी ओर पुरानी मंडी में माता शीतला मंदिर के प्रांगण में होली की महफिल जमी। जिसमें होली गीतों का गायन किया गया। इस दौरान मंडी शहर के मशहूर संगीतज्ञ और कलाकारों ने शिरकत की। स्वर कोकिला शुकला शर्मा, संगीतकार केआर पंछी, गोपाल कृष्ण, लोक गायिका रूपेश्वरी शर्मा, ज्योति प्रकाश सरिता हांडा आदि अनेक कलाकारों की इस महफिल में होली के गीतों के संग गुलाल भी जमकर उड़ा।

भक्तों ने देव माधोराय संग खेली होली

राजदेवता माधोराय की भागीदारी तो रियासतकाल से ही होली में रही है। बुधवार को भी करीब अढ़ाई बजे राजदेवता माधोराय की पालकी मंदिर से निकली और राजदेवता अपने लोगों के साथ होली खेलने निकल पड़े। इस दौरान सैंकड़ों होली के मतवाले माधोराय की पालकी के संग नाचते गाते हुए शहर की परिक्रमा में निकले। इसके साथ ही मंडी का यह होली का उल्लास संपन्न हो गया। वहीं गांवों में भी खूब गुलाल उड़ा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App