गुड फूड-गुड मूड शिवरात्रि को मंडी तैयार

By: Mar 2nd, 2019 12:10 am

मंडी—इस बार मुख्यमंत्री के गृह जिला का अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव खाने के लिए खास होने वाला है। फूड सेफ्टी एंड रेगुलेशन डिपार्टमेंट मंडी ने लोगों को परोसे जाने वाले स्ट्रीट फूड के लिए शुक्रवार को गुड फूड-गुड मूड कैंपेन शुरू कर दिया। कैंपेन की शुरुआत करते हुए रेहड़ी-फड़ी संचालकों को हाईजीन के प्रति जागरूक करने के लिए तीसरी कार्यशाला रखी गई। इसमें रेहड़ी-फड़ी संचालकों को जागरूक करने के साथ ही फूड सेफ्टी एंड रेगुलेशन विभाग की ओर से एप्रेन, दस्ताने, हैड मास्क भी वितरित किए गए।  एप्रेन जुटाने में इनक्रेडिबल हिमाचल संस्था का भी महत्त्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यशाला में बतौर मुख्यातिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. जीवानंद चौहान ने इस दौरान कहा कि रेहड़ी-फड़ी संचालक साफ-सफाई और हाईजीन का जितना ख्याल रखेंगे, उतने ज्यादा ग्राहक उनके पास आएंगे। उन्होंने कहा की सभी रेहड़ी-फड़ी संचालक टीबी का टेस्ट भी करवाएं। इसके बाद एमओएच डा. दिनेश ठाकुर ने बताया कि किसी चीज को पकाने के पांच घंटे बाद उसमें बेक्टिरिया आने शुरू हो जाते हैं। इसलिए उतना कच्चा माल तैयार करें जिसकी दिन में ही खपत हो जाए। कंसल्टेंट डा. प्रीति ठाकुर ने रेहड़ी फड़ी संचालकों को जागरूक करते हुए कहा कि खाना परोसने और बनाने वाले हाथों की सफाई, नाखून और बालों की कटिंग का साफ ध्यान रखें। चिकित्सा अधीक्षक डा. केएस मल्होत्रा ने भी खाना पकाने और बेचने वालों को स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारियां दीं। वर्कशाप के बाद शहर के 30 से ज्यादा रेहड़ी-फड़ी संचालकों को प्रोत्साहन सर्टिफिकेट भी दिए गए। गौरतलब हो की हाईजीनिक फूड के लिए फूड सेफ्टी विभाग की ओर से गुड फूड-गुड मूड अभियान शुरू किया गया है। इसकी शुरुआत बड़े पैमाने पर शिवरात्रि से होगी। इसमें उन्हीं स्टाल लगाने वालों को लाइसेंस दिए जाएंगे जो नियम पूरे करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App